हीरो मोटोकॉर्प के शेयर 3% उछले, कंपनी ने लॉन्च की भारत की पहली 100cc फ्लेक्स-फ्यूल बाइक

Drigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में हीरो मोटोकॉर्प ने स्प्लेंडर प्लस प्लेक्स फ्यूल और HF Deluxe Flex Fuel को लॉन्च किया है। इसके बाद शेयरों में तेजी दिख रही है।

हीरो मोटोकॉर्प के शेयर 3% उछले, कंपनी ने लॉन्च की भारत की पहली 100cc फ्लेक्स-फ्यूल बाइक

देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के शेयर गुरुवार को करीब 3% तक चढ़ गए। कंपनी के शेयर बीएसई पर 4,980 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। भारत की पहली 100cc फ्लेक्स-फ्यूल बाइक की लॉन्चिंग के बाद निवेशक इस ऑटो स्टॉक पर टूट पड़े।

हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक स्प्लेंडर प्लस प्लेक्स फ्यूल और HF Deluxe Flex Fuel को लॉन्च किया है। ये दोनों मोटरसाइकिलें पेट्रोल के साथ 85% तक एथेनॉल मिश्रण (E85) पर चल सकती हैं। यह भारत में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाली पहली 100cc श्रेणी की मोटरसाइकिलें हैं।

क्या होती है फ्लेक्स-फ्यूल बाइक?

फ्लेक्स-फ्यूल वाहन ऐसे इंजन से लैस होते हैं जो पेट्रोल और एथेनॉल के विभिन्न मिश्रणों पर चल सकते हैं। एथेनॉल एक बायो फ्यूल है, जो गन्ने और अन्य कृषि उत्पादों से तैयार किया जाता है। इसका इस्तेमाल पेट्रोल पर निर्भरता कम करने और प्रदूषण घटाने के लिए किया जाता है।

सरकार के ग्रीन फ्यूल अभियान को मिलेगा बल

इन मोटरसाइकिलों की लॉन्चिंग केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में किया गया। सरकार लंबे समय से एथेनॉल बेस्ड फ्यूल को बढ़ावा देने की नीति पर काम कर रही है। हीरो मोटोकॉर्प का यह कदम उसी दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

HF Deluxe Flex Fuel Price: HF Deluxe Flex Fuel की कीमत करीब 72,792 रुपये रखी गई है। दोनों मॉडल जुलाई 2026 से चुनिंदा बाजारों में उपलब्ध हो सकते हैं।

Splender+ Flex Fuel Price: रिपोर्ट्स के अनुसार, स्प्लेंडर+ Flex Fuel की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 82,810 रुपये है।

हीरो मोटोकॉर्प को क्यों मिल रहा फायदा?

विशेषज्ञों का मानना है कि फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक भारत में भविष्य की मोबिलिटी का अहम हिस्सा बन सकती है। इससे देश का तेल आयात बिल कम होगा, किसानों को एथेनॉल उत्पादन से फायदा मिलेगा और पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। हीरो मोटोकॉर्प की शुरुआती बढ़त को बाजार ने सकारात्मक संकेत के रूप में लिया है।

भारत की ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम

हीरो मोटोकॉर्प की नई फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिलें देश में वैकल्पिक ईंधन आधारित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। आने वाले समय में अन्य कंपनियां भी इस तकनीक को अपनाती हैं या नहीं, इस पर ऑटो सेक्टर की नजर रहेगी।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,