बंपर मुनाफे से गदगद है यह कंपनी, हर शेयर पर ₹75 डिविडेंड देने का ऐलान
हीरो मोटोकॉर्प ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च अवधि के लिए कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू ₹12,797 करोड़ रहा। कंपनी के बोर्ड ने हर शेयर पर 75 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

Hero MotoCorp dividend: बाइक और स्कूटर मैन्युफैक्चरर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी ने रिकॉर्ड रेवेन्यू और मुनाफा दर्ज किया गया। इसके साथ ही कंपनी ने निवेशकों को डिविडेंड का भी तोहफा दिया है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
FY26 की जनवरी-मार्च अवधि के लिए कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू ₹12,797 करोड़ रहा। यह पिछले साल इसी अवधि के ₹9,939 करोड़ से 29% अधिक है। टैक्स के बाद मुनाफा (PAT) सालाना आधार पर 30% बढ़कर ₹1,401 करोड़ हो गया जबकि पिछली तिमाही में यह ₹1081 करोड़ था। इस तिमाही में एबिटा ₹1856 करोड़ रहा, जो एक साल पहले के ₹1416 करोड़ से 31.1% अधिक है। टैक्स से पहले का मुनाफा ₹1855 करोड़ रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 29% अधिक है।
पूरे फाइनेंशियल ईयर के लिए हीरो मोटाकॉर्प ने अपना अब तक का सबसे अधिक सालाना रेवेन्यू और प्रॉफिट दर्ज किया। ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू 14.9% बढ़कर 46830 करोड़ रुपये हो गया जबकि FY25 में यह 40,756 करोड़ रुपये था। टैक्स के बाद प्रॉफिट 14% बढ़कर 5,268 करोड़ रुपये हो गया। पूरे साल के लिए एबिटा 6871 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 17.1% अधिक है। वहीं, एबिटा मार्जिन 30 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 14.7% हो गया।
डिविडेंड का ऐलान
हीरो मोटोकॉर्प के बोर्ड ने 2 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 75 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। पहले से ही दिए जा चुके 110 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मिलाकर, वित्त वर्ष 26 के लिए कुल डिविडेंड 185 रुपये प्रति शेयर हो जाता है।
बिक्री की डिटेल
हीरो मोटोकॉर्प ने मार्च तिमाही में 17.14 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर बेचे, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 24% अधिक हैं। यह बढ़ोतरी एंट्री-लेवल, प्रीमियम और स्कूटर सेगमेंट में मिली-जुली मांग के कारण हुई। कंपनी ने FY26 के दौरान 64.69 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर बेचे, जो पिछले साल के मुकाबले 10% ज्यादा हैं। कंपनी ने बताया कि उसके पार्ट्स, एक्सेसरीज और मर्चेंडाइजिंग बिजनेस से 6,147 करोड़ रुपये का सालाना रेवेन्यू मिला।
कंपनी के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी बिजनेस VIDA ने अपना अब तक का सबसे मजबूत साल दर्ज किया, जिसमें रिटेल बिक्री पिछले साल के मुकाबले लगभग 190% बढ़ी। इसका ग्लोबल बिजनेस भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया, जिसमें 4.03 लाख यूनिट्स की डिस्पैच हुई, जो 40% अधिक है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कंपनी ने यूरोप और UK में विस्तार किया और 52 इंटरनेशनल मार्केट में अपनी मौजूदगी को मजबूत किया।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

