HCL ने Q1 में किया कमाल! 20% बढ़ा मुनाफा…अब हर शेयर पर ₹12 डिविडेंड देगी कंपनी
मुख्य बातें
- HCL टेक्नोलॉजी ने जून तिमाही में 20% की बढ़त के साथ ₹4,624 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो बाजार के अनुमान से बेहतर रहा
- कंपनी ने ₹12 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है
- जानिए रिकॉर्ड डेट, पेमेंट डेट और पूरी डिटेल

देश की तीसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCLTech) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजों से निवेशकों को खुश कर दिया है। कंपनी ने जून तिमाही में 20% की सालाना बढ़ोतरी के साथ 4,624 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) दर्ज किया है। यह आंकड़ा बाजार के अनुमान से भी बेहतर रहा। CNBC-TV18 के सर्वे में कंपनी का मुनाफा करीब 4,588 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था, लेकिन HCLTech ने इससे बेहतर प्रदर्शन करते हुए उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3,843 करोड़ रुपये था। वहीं, मार्च 2026 तिमाही के मुकाबले भी कंपनी का मुनाफा करीब 3% बढ़ा, जो लगातार मजबूत प्रदर्शन का संकेत देता है।
रेवेन्यू 34,579 करोड़ रुपये
सिर्फ मुनाफा ही नहीं, कंपनी की आय (Revenue) में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। जून तिमाही में HCLTech का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 34,579 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 30,349 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 14% अधिक है। इससे साफ है कि कंपनी की आईटी सेवाओं की मांग मजबूत बनी हुई है और उसे देश-विदेश के ग्राहकों से लगातार नए प्रोजेक्ट मिल रहे हैं। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद HCLTech का यह प्रदर्शन बताता है कि भारतीय आईटी सेक्टर अब भी मजबूत स्थिति में है।
हर शेयर पर ₹12 का अंतरिम डिविडेंड
तिमाही नतीजों के साथ कंपनी ने अपने शेयरधारकों को एक और बड़ी खुशखबरी दी है। HCLTech के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹2 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर ₹12 का अंतरिम डिविडेंड (Interim Dividend) घोषित किया है, यानी जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें प्रति शेयर 12 रुपये का नकद लाभ मिलेगा। कंपनी ने इसके लिए 17 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इसका मतलब है कि इस तारीख तक जिन निवेशकों के डीमैट खाते में HCLTech के शेयर होंगे। वहीं, डिविडेंड पाने के पात्र होंगे। वहीं, 27 जुलाई 2026 को निवेशकों के बैंक खाते में डिविडेंड की राशि भेज दी जाएगी।
क्या कह रहें एक्सपर्ट?
एक्सपर्ट का मानना है कि HCLTech के मजबूत नतीजे यह संकेत देते हैं कि कंपनी ने बदलते कारोबारी माहौल में भी अपनी ग्रोथ बरकरार रखी है। बढ़ता मुनाफा, दोहरे अंकों में रेवेन्यू ग्रोथ और नियमित डिविडेंड देने की नीति निवेशकों का भरोसा मजबूत करती है। खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक आईटी उद्योग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसी नई तकनीकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है, HCLTech लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रही है।
निवेशकों के लिए तिमाही काफी अहम
शेयर बाजार के निवेशकों के लिए यह तिमाही काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि आईटी कंपनियों के नतीजों से पूरे सेक्टर की दिशा तय होती है। HCLTech के अनुमान से बेहतर नतीजों के बाद अब निवेशकों की नजर TCS, Infosys, Wipro और Tech Mahindra जैसी अन्य आईटी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर भी रहेगी। यदि आने वाले दिनों में बाकी कंपनियां भी इसी तरह मजबूत प्रदर्शन करती हैं, तो भारतीय आईटी सेक्टर में निवेशकों का भरोसा और मजबूत हो सकता है। फिलहाल HCLTech ने अपने बेहतर नतीजों और ₹12 प्रति शेयर डिविडेंड की घोषणा के साथ शेयरधारकों को डबल खुशखबरी दे दी है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


