करीब दोगुना हुआ Groww का मुनाफा, 735 करोड़ रुपये के प्रॉफिट के बाद शेयर में तूफानी तेजी
मुख्य बातें
- ग्रो का मुनाफा पहली तिमाही में करीब दोगुना हो गया है
- कंपनी को चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 735 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है
- ग्रो की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के शेयर बुधवार को 7% से ज्यादा चढ़कर 219.50 रुपये पर पहुंच गए हैं

ग्रो (Groww) की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स लिमिटेड को 30 जून 2026 को खत्म हुई पहली तिमाही में जबरदस्त मुनाफा हुआ है। ग्रो का कंसॉलिडेटेड मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 735 करोड़ रुपये रहा है। सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा 94.44 पर्सेंट बढ़ा है। एक साल पहले की समान अवधि में ग्रो को 378 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। ग्रो की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के शेयर बुधवार को BSE में 7 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 219.50 रुपये पर पहुंच गए हैं।
66% बढ़ा है ग्रो का रेवेन्यू
ऑपरेशंस से मिलने वाला ग्रो (Groww) का रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 66 पर्सेंट बढ़ा है। पहली तिमाही में ग्रो का रेवेन्यू 1501 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में ग्रो का रेवेन्यू 904 करोड़ रुपये था। जून 2026 तिमाही में ग्रो का इबिट्डा 971 करोड़ रुपये रहा है, जो कि सालाना आधार पर 101 पर्सेंट बढ़ा है। एक साल पहले की समान अवधि में ग्रो का इबिट्डा 483 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी की कंसॉलिडेटेड टोटल इनकम सालाना आधार पर 63.3 पर्सेंट बढ़ी है।
कंपनी ने कई प्रमुख सेगमेंट्स में मजबूत की अपनी पोजिशन
ग्रो (Groww) ने बताया है कि उसने जून तिमाही के दौरान 115,000 नेट क्लाइंट्स जोड़कर प्रमुख सेगमेंट्स में अपनी मार्केट लीडरशिप पोजिशन मजबूत की है। म्यूचुअल फंड्स में ग्रो ने डायरेक्ट म्यूचुअल फंड्स के लिए देश के सबसे बड़े डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी पोजिशन बनाए रखी है। कंपनी का डायरेक्ट म्यूचुअल फंड एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 1.9 लाख करोड़ रुपये है। जून 2026 तिमाही के दौरान SIP इनफ्लो सालाना आधार पर 32 पर्सेंट बढ़ा है, जबकि इंडस्ट्री की ग्रोथ 16 पर्सेंट रही है।
IPO प्राइस से दोगुने से ज्यादा बढ़ गए हैं कंपनी के शेयर
ग्रो (Groww) की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स लिमिटेड का आईपीओ दांव लगाने के लिए 4 नवंबर 2025 को खुला था और यह 7 नवंबर तक ओपन रहा। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 100 रुपये था। ग्रो के शेयर बुधवार 15 जुलाई 2026 को 119.50 रुपये पर पहुंच गए हैं। IPO प्राइस के मुकाबले ग्रो के शेयर दोगुने से ज्यादा उछल गए हैं। ग्रो के शेयरों ने बाजार में मजबूत शुरुआत की थी। कंपनी के शेयर BSE में 114 रुपये पर लिस्ट हुए थे और लिस्टिंग वाले दिन उछाल के साथ 130.94 रुपये पर पहुंच गए थे।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


