फेसबुक की कंपनी से हाथ मिलाते ही रॉकेट बना ये एनर्जी स्टॉक, 1 दिन में 15% चढ़ गया शेयर, क्या अभी बाकी है बड़ी रैली?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • ग्रीन एनर्जी कंपनी क्लीनमैक्स (Clean Max Enviro Energy Solutions) के शेयरों में बुधवार को 15% तक की जोरदार तेजी देखने को मिली
  • कंपनी ने Meta प्लेटफॉर्म्स के साथ रिन्यूएबल एनर्जी विकसित करने के लिए साझेदारी की है
  • इसके तहत राजस्थान और कर्नाटक में प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे
फेसबुक की कंपनी से हाथ मिलाते ही रॉकेट बना ये एनर्जी स्टॉक, 1 दिन में 15% चढ़ गया शेयर, क्या अभी बाकी है बड़ी रैली?
1 दिन में 15% चढ़ गया ग्रीन एनर्जी स्टॉक क्लीनमैक्स का शेयर।

ग्रीन एनर्जी सेक्टर की कंपनी क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस (Clean Max Enviro Energy Solutions) के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान करीब 15% तक उछल गया। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह मेटा प्लेटफॉर्म्स (Meta Platforms- फेसबुक की पैरेंट कंपनी) के साथ हुआ एक बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी (Renewable Energy) समझौता है। इस डील के तहत क्लीनमैक्स भारत में 900 मेगावाट (MW) से अधिक की सोलर और विंड एनर्जी क्षमता विकसित करेगी, जो मेटा (Meta) के तेजी से बढ़ रहे AI और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि वह Meta के लिए राजस्थान और कर्नाटक में 837 MW की नई सोलर और विंड पावर परियोजनाएं विकसित और संचालित करेगी। इससे पहले दोनों कंपनियों के बीच हुए समझौतों को जोड़कर कुल क्षमता अब 900 MW से अधिक हो जाएगी। यह भारत में किसी टेक कंपनी के लिए सबसे बड़े ग्रीन एनर्जी सहयोगों में से एक माना जा रहा है।

इस समझौते के तहत Meta इन परियोजनाओं से उत्पन्न होने वाले 100% पर्यावरणीय लाभ (Environmental Attributes) खरीदेगी। इसका उद्देश्य Meta की उस रणनीति को मजबूत करना है, जिसके तहत कंपनी अपने बिजली उपभोग को पूरी तरह स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा से संतुलित करना चाहती है। साथ ही, कंपनी अपने कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में भी काम कर रही है।

दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन Meta और रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भी गुजरात के जामनगर में AI-सक्षम डेटा सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। यह डेटा सेंटर 168 MW क्षमता का होगा और इसे रिलायंस विकसित करेगी। इस परियोजना को भी नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित किया जाएगा। ऐसे में भारत अब वैश्विक टेक कंपनियों के लिए ग्रीन डेटा सेंटर और स्वच्छ ऊर्जा निवेश का बड़ा केंद्र बनता दिखाई दे रहा है।

क्लीनमैक्स के संस्थापक और प्रबंध निदेशक कुलदीप जैन ने कहा कि AI और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वच्छ ऊर्जा बेहद महत्वपूर्ण है। Meta के साथ यह साझेदारी न केवल कंपनी के कारोबार को नई ऊंचाई देगी, बल्कि भारत के ऊर्जा परिवर्तन (Energy Transition) मिशन को भी गति देगी।

Meta की हेड ऑफ क्लीन एंड रिन्यूएबल एनर्जी अमांडा यांग ने कहा कि यह समझौता कंपनी के ग्रीन एनर्जी लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारत के पावर ग्रिड में अतिरिक्त स्वच्छ ऊर्जा क्षमता जुड़ सकेगी।

कंपनी के अनुसार, डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े ग्राहक उसकी कुल अनुबंधित बिजली बिक्री का 42% हिस्सा बनाते हैं। वित्त वर्ष 2026 में क्लीनमैक्स का कुल अनुबंधित नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो 5.7 गीगावाट तक पहुंच चुका है। खास बात यह है कि नई क्षमता का 74% हिस्सा मौजूदा ग्राहकों से आया है, जो कंपनी की मजबूत ग्राहक पकड़ और भरोसे को दर्शाता है।

वर्तमान में क्लीनमैक्स 588 से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रही है, जिनमें टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्रियल और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं। इस बड़ी डील के बाद निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है। दोपहर के कारोबार में कंपनी का शेयर करीब 10% की बढ़त के साथ ₹1,355 के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया। साल 2026 में अब तक यह शेयर लगभग 57% का शानदार रिटर्न दे चुका है, जिससे यह ग्रीन एनर्जी सेक्टर के सबसे चर्चित शेयरों में शामिल हो गया है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।