
इस सरकारी बैंक में हिस्सा बेच सकती है सरकार, लुढ़क गए बैंक के शेयर
सरकार मौजूदा मार्केट प्राइस से 5% से ज्यादा के डिस्काउंट पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हिस्सा बेच सकती है। मौजूदा शेयर प्राइस पर बैंक में 5% हिस्सेदारी बेचने से सरकार को 1800 करोड़ रुपये के करीब मिल सकते हैं।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र में केंद्र सरकार अपनी हिस्सेदारी बेच सकती है। मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (न्यूनतम सार्वजनिक हिस्सेदारी) नियमों का पालन करने के लिए सरकार इस बैंक में हिस्सा बेच सकती है। सूत्रों के हवाले से यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शेयर सोमवार को लुढ़क गए हैं। सरकारी बैंक के शेयर BSE में 2 पर्सेंट टूटकर 57.25 रुपये पर जा पहुंचे हैं। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 61.55 रुपये है।
5% से ज्यादा के डिस्काउंट पर बेच सकती है हिस्सा
सरकार मौजूदा मार्केट प्राइस (शेयर का मौजूदा दाम) से 5 पर्सेंट से ज्यादा के डिस्काउंट पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हिस्सेदारी बेच सकती है। यह बात सूत्रों ने बताई है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही के आखिर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सरकार की 79.60 पर्सेंट हिस्सेदारी थी। मौजूदा दाम पर बैंक में 5 पर्सेंट हिस्सेदारी बेचने से सरकार को 1800 करोड़ रुपये के करीब मिल सकते हैं। बैंक ऑफ महाराष्ट्र में पब्लिक शेयरहोल्डिंग 20.40 पर्सेंट है।
बैंक ने हाल में पूरा किया है 3500 करोड़ रुपये का QIP
बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashta) ने अक्टूबर 2024 में 3500 करोड़ रुपये का क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) पूरा किया है। इस कदम से बैंक ने अपना कैपिटल बेस मजबूत किया है और पब्लिक शेयरहोल्डिंग नॉर्म्स पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया। सरकारी बैंक फोकस में हैं, फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण ने पिछले महीने कन्फर्म किया था कि सरकारी बैंकों के बीच कंसॉलिडेशन का अगला दौर शुरू हो गया है। पिछले पांच साल में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शेयरों में 300 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। सरकारी बैंक के शेयर इस अवधि में 14.19 रुपये से बढ़कर 57 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। बैंक ऑफ महाराष्ट्र का मार्केट कैप सोमवार को 44,200 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है।





