पैसा लेकर छोड़ें नौकरी! Google ने इन 5 देशों में फिर शुरू की ऐसी छंटनी, इन कर्मचारियों पर संकट

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मुख्य बातें

  • Google ने AI पर बढ़ते खर्च और लागत प्रबंधन के बीच अपने वॉलेंट्री एग्जिट (Voluntary Exit) या बायआउट प्रोग्राम (Buyout Program) का विस्तार कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड में किया है
  • इसके तहत कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने के बदले एक्जिट पैकेज की पेशकश की जा रही है

Google layoff
Google ने AI पर बढ़ते खर्च और लागत प्रबंधन के बीच कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड में किया अपने वॉलेंट्री एग्जिट का विस्तार।

Google Employee Buyout: AI पर अरबों डॉलर खर्च करने वाली टेक कंपनी Google अब दूसरे खर्चों पर लगाम लगाने की तैयारी में है। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक एग्जिट यानी बॉयआउट प्रोग्राम (Buyout Program) का विस्तार 5 और देशों में किया है। इस खबर के बाद सबसे बड़ा सवाल भारतीय कर्मचारियों के मन में यह है कि क्या भारत भी इस प्रोग्राम का हिस्सा है? रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल ने अपने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड में उपलब्ध कराना शुरू किया है।

फिलहाल, सामने आई जानकारी में भारत का नाम इन देशों की लिस्ट में शामिल नहीं है। Google की पैरेंट कंपनी Alphabet एक तरफ कर्मचारियों की संख्या बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ सेक्टर्स में लागत कम करने और संसाधनों को प्राथमिकता वाले कारोबार में लगाने की कोशिश कर रही है।

आखिर क्या है Google का बॉयआउट प्रोग्राम?

Buyout या वॉलेंट्री एक्जिट प्रोग्राम (Voluntary Exit Program) में कंपनी कुछ कर्मचारियों को अपनी इच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प देती है। इसके बदले उन्हें एक तय एग्जिट पैकेज या सेवरेंस दिया जाता है। गूगल (Google) के प्रवक्ता के मुताबिक, साल 2025 में कंपनी की कुछ टीमों ने सेवरेंस के साथ स्वैच्छिक एग्जिट प्रोग्राम शुरू किया था। इसके बाद जून में इस प्रोग्राम का विस्तार कुछ और देशों में किया गया। यह कार्यक्रम खासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए एक विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है, जो कंपनी की बदलती रणनीति और भविष्य की दिशा के साथ खुद को जुड़ा हुआ महसूस नहीं करते हैं।

भारत में कर्मचारियों को क्या ऑफर?

अभी उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गूगल (Google) ने जिन 5 देशों में इस स्वैच्छिक एग्जिट प्रोग्राम का विस्तार किया है, उनमें भारत शामिल नहीं है। इसका मतलब यह नहीं है कि भविष्य में कंपनी भारत को लेकर कोई नया फैसला नहीं ले सकती, लेकिन मौजूदा चरण में भारत के लिए बॉयआउट ऑफर (Buyout Offer) की घोषणा की जानकारी सामने नहीं आई है।

AI पर भारी खर्च, अब लागत पर भी फोकस

गूगल (Google) और दूसरी बड़ी टेक कंपनियां इस समय AI की दौड़ में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। डेटा सेंटर, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और AI मॉडल तैयार करने में भारी रकम खर्च हो रही है। ऐसे में कंपनियां अपने दूसरे खर्चों का भी रेव्यू कर रही हैं। गूगल (Google) का यह कदम ऐसे समय आया है, जब AI पर बढ़ता खर्च निवेशकों और बाजार की चिंता का विषय बना हुआ है। गूगल (Google) के साथ-साथ दूसरी बड़ी टेक कंपनियां भी अपनी बदलती कारोबारी रणनीति के हिसाब से कर्मचारियों और खर्चों का प्रबंधन कर रही हैं।

6 महीने में करीब 10,000 नए कर्मचारी जोड़े

दिलचस्प बात यह है कि बॉयआउट प्रोग्राम (Buyout Program) का विस्तार ऐसे समय हो रहा है, जब अल्फाबेट (Alphabet) की कुल कर्मचारी संख्या लगातार बढ़ी है। सितंबर 2026 के अंत तक गूगल (Google) की वर्कफोर्स बढ़कर 2,04,757 हो गई थी। कंपनी ने करीब 6 महीने के दौरान लगभग 10,000 नए कर्मचारियों को जोड़ा। इस बढ़ोतरी के पीछे कंपनी की कुछ रणनीतिक जरूरतें भी हैं। साइबर सिक्योरिटी कंपनी Wiz के अधिग्रहण के बाद करीब 2,000 कर्मचारियों के गूगल (Google) के साथ जुड़ने से भी कुल कर्मचारी संख्या में इजाफा हुआ।

सभी कर्मचारियों के लिए नहीं है एक्जिट ऑफर

गूगल (Google) की रणनीति का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि कंपनी भविष्य के लिए कुछ सेक्टर्स को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दे रही है। AI और क्लाउड कंप्यूटिंग इस समय गूगल (Google) की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसी वजह से पहले दिए गए कुछ बॉयआउट ऑफर्स (Buyout Offers) में गूगल क्लाउड और AI रिसर्च यूनिट डीपमाइंड (DeepMind) के कर्मचारियों को शामिल नहीं किया गया था। इससे साफ संकेत मिलता है कि कंपनी सिर्फ कर्मचारियों की संख्या कम करने पर ध्यान नहीं दे रही, बल्कि अपने संसाधनों को उन सेक्टर्स की ओर ले जाना चाहती है, जहां भविष्य की ग्रोथ की सबसे ज्यादा संभावना है।

स्विट्जरलैंड में कैसा था एग्जिट पैकेज

स्विट्जरलैंड में गूगल (Google) के करीब 5,000 कर्मचारी हैं और ज्यूरिख कंपनी का एक बड़ा इंजीनियरिंग हब है। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां जून के मध्य में कर्मचारियों को एक्जिट पैकेज की पेशकश की गई थी और आवेदन के लिए जुलाई के मिड तक का समय दिया गया था। पैकेज के तहत कर्मचारियों को कंपनी में काम किए गए हर एक साल के बदले एक महीने की सैलरी देने का प्रावधान था। हालांकि, इसकी अधिकतम सीमा 12 महीने की सैलरी रखी गई थी।

अमेरिका और ब्रिटेन में भी मिल चुका है विकल्प

गूगल (Google) पिछले कुछ समय से अलग-अलग टीमों और क्षेत्रों में स्वैच्छिक एग्जिट के विकल्प देता रहा है। अमेरिका और ब्रिटेन के कुछ डिवीजनों में भी कर्मचारियों को इस तरह के प्रोग्राम की पेशकश की जा चुकी है। अब 5 और देशों में विस्तार से यह संकेत मिलता है कि कंपनी अपने वैश्विक खर्च और कर्मचारियों से जुड़े ढांचे की लगातार रेव्यू कर रही है।

गूगल की नई रणनीति क्या है?

एक तरफ गूगल (Google) तेजी से AI और क्लाउड कम्प्यूटिंग पर दांव बढ़ा रही है, तो दूसरी तरफ कंपनी उन सेक्टर्स में खर्च को कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है, जो उसकी मौजूदा प्राथमिकताओं में ऊपर नहीं हैं। कंपनी की बढ़ती वर्कफोर्स और बॉयआउट प्रोग्राम (Buyout Program) का विस्तार पहली नजर में विरोधाभासी लग सकता है, लेकिन इसके पीछे रणनीति अलग है। जहां AI और क्लाउड जैसे भविष्य के कारोबार के लिए नई प्रतिभाओं की जरूरत है, वहीं दूसरे सेक्टर्स में लागत और संसाधनों का रेव्यू किया जा रहा है।

फिलहाल, भारतीय कर्मचारियों के लिए राहत की बात यह है कि गूगल (Google) के बॉयआउट प्रोग्राम (Buyout Program) के विस्तार में भारत का नाम सामने नहीं आया है। आने वाले समय में कंपनी इस प्रोग्राम को और देशों तक बढ़ाती है या नहीं, इस पर नजर बनी रहेगी।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़पैसा लेकर छोड़ें नौकरी! Google ने इन 5 देशों में फिर शुरू की ऐसी छंटनी