
EPFO करने जा रहा बड़ा बदलाव, अब कर्मचारी तुरंत यहां से निकाल सकेंगे PF का पैसा
यह सिस्टम कुछ हद तक ATM से पैसे निकालने जैसा होगा, यानी जरूरत पड़ने पर तुरंत PF से पैसा मिल सकेगा। यह कदम EPFO के बड़े डिजिटल बदलाव का हिस्सा है, जो 26 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के PF फंड को मैनेज करता है।
EPFO News: ईपीएफओ सदस्यों के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा आने वाली है। अब भविष्य निधि (PF) से पैसा निकालना और भी आसान होने जा रहा है। EPFO जल्द ही BHIM UPI ऐप के जरिए इंस्टेंट एडवांस विड्रॉल की सुविधा शुरू करने वाला है। इससे देश के करीब 30 करोड़ से ज्यादा EPFO मेंबर्स को फायदा होगा। माना जा रहा है कि यह सुविधा अगले 2–3 महीनों में शुरू हो सकती है। यह सिस्टम कुछ हद तक ATM से पैसे निकालने जैसा होगा, यानी जरूरत पड़ने पर तुरंत PF से पैसा मिल सकेगा। यह कदम EPFO के बड़े डिजिटल बदलाव का हिस्सा है, जो 26 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के PF फंड को मैनेज करता है।
क्या है डिटेल
इस नई व्यवस्था के लिए EPFO ने NPCI के साथ साझेदारी की है। BHIM ऐप पर EPFO सदस्य हेल्थ, पढ़ाई, शादी या किसी खास परिस्थिति जैसी अनुमत कैटेगरी में PF एडवांस के लिए क्लेम डाल सकेंगे। क्लेम डालते ही EPFO बैकएंड में उसकी जांच और वेरिफिकेशन करेगा। सब सही रहने पर मंजूर की गई रकम सीधे SBI के जरिए मेंबर के UPI से जुड़े बैंक अकाउंट में तुरंत ट्रांसफर कर दी जाएगी। शुरुआत में यह सुविधा सिर्फ BHIM ऐप पर ही मिलेगी, लेकिन आगे चलकर इसे अन्य UPI बेस्ड फिनटेक ऐप्स पर भी शुरू किया जा सकता है।
कुछ लिमिट भी लग सकती है
हालांकि, इस सुविधा में कुछ लिमिट भी लग सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में पूरी PF राशि निकालने की अनुमति नहीं होगी। RBI की ओर से UPI ट्रांजैक्शन पर तय सीमाएं हैं, उसी के हिसाब से इंस्टेंट विड्रॉल की कैप रखी जाएगी ताकि गलत इस्तेमाल न हो। अभी यह तय नहीं हुआ है कि अधिकतम कितनी रकम तुरंत निकाली जा सकेगी, लेकिन EPFO इस पर विचार कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तुरंत पैसे देने में कुछ जोखिम भी होते हैं, इसलिए धीरे-धीरे सिस्टम को मजबूत किया जाएगा।
अभी क्या है प्रक्रिया
फिलहाल PF निकालने की प्रक्रिया में समय लगता है। अभी अगर कोई मेंबर 5 लाख रुपये तक का ऑनलाइन एडवांस क्लेम ऑटो-मोड में करता है, तो भी उसे कम से कम 3 कामकाजी दिन लग जाते हैं। ज्यादा रकम या मैनुअल प्रोसेस वाले क्लेम में इससे भी ज्यादा समय लगता है। ऐसे में BHIM ऐप से इंस्टेंट PF विड्रॉल की सुविधा लाखों कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है, खासकर इमरजेंसी जरूरतों के समय। यह कदम EPFO को और ज्यादा डिजिटल, तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



