सोना-चांदी से लेकर दूध-CNG तक सब महंगा! चीनी निर्यात पर बैन, बिगड़ रहे देश के हालात?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • भारत में महंगाई ने 'गर्मी' को और बढ़ा दिया है
  • कहीं आपको मोबाइल का नोटिफिकेशन देखने पर ये तो नहीं लगता कि जैसे हर चीज की कीमतें एक-दूसरे से रेस लगा रही हों? कभी सोना, तो कभी दूध और अब CNG ने भी लोगों का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है
  • लोगों का सवाल है कि आखिर देश में चल क्या रहा है? आइए समझते हैं…
सोना-चांदी से लेकर दूध-CNG तक सब महंगा! चीनी निर्यात पर बैन, बिगड़ रहे देश के हालात?

Iran War Impact on India Economy: अमेरिका-ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के कारण बढ़ते तनाव का असर अब भारत पर साफ दिखने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के तुरंत बाद सोना-चांदी कीमतों में आयात शुल्क की बढ़ोतरी हुई, जिससे गहनों की कीमतें आसमान छूने लगीं। इस खबर को अभी 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि आम जनता को CNG और दूध की कीमतों ने बड़ा झटका दे दिया। एक तरफ जहां मुंबई में महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी के दाम बढ़ाए, तो वहीं दूसरी ओर अमूल और मदर डेरी जैसी कंपनियों ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। हालांकि, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस कीमतें अभी स्थिर हैं, तो आइए जरा विस्तार से समझते हैं कि वो कौन सी चीजें हैं, जो आने वाले दिनों में आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालेंगी?

पिछले कुछ दिनों में अगर आपने बाजार का रुख किया होगा, तो एक बात जरूर महसूस हुई होगी कि महंगाई अब सिर्फ खबरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीधे जेब पर असर दिखाने लगी है। सुबह की चाय से लेकर सफर तक और शादी-ब्याह से लेकर निवेश तक, हर जगह खर्च बढ़ता नजर आ रहा है। सोना, चांदी, दूध, CNG और कई जरूरी चीजों की कीमतों में आई तेजी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

सोने-चांदी पर 15% बढ़ा इंपोर्ट ड्यूटी

सबसे ज्यादा चर्चा सोने और चांदी की कीमतों को लेकर हो रही है। सरकार ने हाल ही में सोना और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाकर 15% कर दी। इसके बाद बाजार में सोने की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। अब सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% AIDC (Agriculture Infrastructure and Development Cess) लगेगा, जिसका सीधा असर लोगों पर पड़ेगा। पहले 10 ग्राम सोने पर लगभग ₹13,500 का टैक्स देना पड़ता था, जो अब बढ़कर करीब ₹27,000 हो जाएगा, यानी सिर्फ टैक्स के कारण सोने की कीमत में ₹13,500 प्रति 10 ग्राम का उछाल देखने को मिल सकता है।

दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ सोना महंगा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ गोल्ड लोन लेने वालों के लिए यह राहत की खबर भी बन गया है। गोल्ड लोन (Gold Loan) देने वाली कंपनियों के शेयरों में बुधवार को 11% तक की भारी तेजी देखी गई। मणप्पुरम फाइनेंस, मुथूट फाइनेंस और IIFL फाइनेंस जैसे दिग्गजों के लिए यह फैसला एक वरदान साबित हो रहा है।

चीजक्या बदलाव हुआअसर
सोनागोल्ड इम्पोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15%सोने के दाम में बड़ा उछाल, ज्वेलरी महंगी
चांदीसिल्वर इम्पोर्ट ड्यूटी भी 15%चांदी की कीमतों में 6-7% तक तेजी
दूधमदर डेयरी और अमूल ने ₹2 प्रति लीटर दाम बढ़ाएरोजमर्रा का घरेलू बजट प्रभावित
CNGमुंबई में MGL ने ₹2/kg बढ़ाए दामऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चलाना महंगा
ज्वेलरीगोल्ड ड्यूटी बढ़ने से गहनों की कीमत बढ़ीहल्के वजन की ज्वेलरी की मांग बढ़ सकती है
गोल्ड लोनऊंचे गोल्ड प्राइस से लोन वैल्यू बढ़ीज्यादा लोग गोल्ड लोन ले सकते हैं
गैस/फ्यूल ट्रांसपोर्ट लागतकच्चे तेल और रुपये पर दबावआने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल महंगे होने की आशंका
आयातित लग्जरी सामानडॉलर मजबूत और रुपया कमजोरइलेक्ट्रॉनिक्स और विदेशी सामान महंगे हो सकते हैं

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी

महंगाई का असर सिर्फ निवेश या शौक की चीजों तक नहीं है। अब रोजमर्रा की जरूरतें भी महंगी हो रही हैं। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी ने हर घर का बजट प्रभावित किया है। अमूल और मदर डेयरी जैसी कई बड़ी डेयरी कंपनियों ने दूध के दाम 2 रुपये लीटर तक बढ़ा दिए हैं। वजह बताई जा रही है कि पशुओं के चारे, ट्रांसपोर्ट और किसानों से खरीद की लागत लगातार बढ़ रही है। लेकिन, आम लोगों के लिए इसका मतलब साफ है अब सुबह की चाय और बच्चों का दूध दोनों थोड़ा और महंगा हो गया है। यह फैसला दिल्ली-NCR समेत उन सभी क्षेत्रों में लागू होगा, जहां मदर डेयरी और अमूल अपने दूध की आपूर्ति करती है।

CNG की कीमतों में हुई बढ़ोतरी

उधर CNG की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने लाखों वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। जिन लोगों ने पेट्रोल और डीजल से बचने के लिए CNG वाहन खरीदे थे, अब उन्हें भी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। 14 मई 2026 को महानगर गैस लिमिटेड (Mahanagar Gas Limited) यानी MGL ने मुंबई में CNG की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमत लागू होने के बाद अब मुंबई में CNG 84 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी। खासकर ऑटो और टैक्सी चालकों पर इसका सीधा असर पड़ा है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में किराए बढ़ने की भी संभावना है, यानी महंगाई का असर अब सफर पर भी दिख सकता है।

चीनी के निर्यात पर रोक

केंद्र सरकार ने देश से चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय द्वारा बुधवार 13 मई को एक अधिसूचना जारी कर चीनी के निर्यात को प्रतिबंधित सूची में डाल दिया है। अधिसूचना में कहा गया है कि चीनी के निर्यात को रेस्ट्रिक्टिक्टेड कैटेगिरी से बदलकर प्रोहिबिटेड कैटेगिरी में डाल दिया गया है। यह प्रावधान तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है और 30 सितंबर 2026 या कोई नया आदेश जारी रहने तक लागू रहेगा। यह प्रतिबंध अमेरिका और यूरोपीय यूनियन को स्पेशल कोटा के तहत होने वाले निर्यात पर लागू नहीं होगा। चालू चीनी सीजन 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के दौरान चीनी का उत्पादन 280 लाख टन से कम रहने का अनुमान है। इसके चलते चीनी की कीमतों मेंं बढ़ोतरी हो सकती है।

शुगर कंपनियों के शेयर में उछाल

सरकार के प्रतिबंध लगाने के बाद 14 मई 2026 को बलरामपुर चीनी का शेयर 4.5 प्रतिशत की गिरावट के बाद 525 रुपये के इंट्रा-डे लो लेवल पर आ गया। वहीं, धामपुर के शेयर 4 प्रतिशत तक की गिरावट के बाद 147.55 रुपये के इंट्रा-डे लो लेवल पर आ गया। इसके अलावा भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज के शेयर 3 प्रतिशत की गिरावट के बाद 354 रुपये और श्री रेणुका और EID पेरी के शेयरों में 2-2 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी

एक्सपर्ट का मानना है कि इस बढ़ती महंगाई के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय कारण हैं। मध्य पूर्व में तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने भारत जैसे आयात पर निर्भर देश की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है। ऐसे में जब डॉलर मजबूत होता है और तेल महंगा होता है, तो उसका असर सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई देता है।

विदेशी मुद्रा भंडार बचा रही सरकार

भारत सरकार भी विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने और गैर-जरूरी आयात-निर्यात कम करने की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि सोने पर इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाई गई। लेकिन, इसका असर आम लोगों पर तुरंत दिखाई देने लगा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ेगी? फिलहाल, हालात देखकर ऐसा लगता है कि राहत जल्दी मिलने वाली नहीं है। अगर वैश्विक बाजार में तनाव जारी रहा और कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं, तो पेट्रोल-डीजल से लेकर कई दूसरी चीजें भी महंगी हो सकती हैं, यानी आने वाला समय आम लोगों के लिए खर्च संभालने की नई चुनौती लेकर आ सकता है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,