Gold Price Today: सोना-चांदी में जोरदार उछाल, MCX पर सोना ₹1,600 से ज्यादा चढ़ा; क्या अब खत्म होगा गिरावट का दौर?
मुख्य बातें
- Gold Silver Rate Today: अमेरिका-ईरान शांति की उम्मीद से सोने में जोरदार वापसी हुई है
- एमसीएक्स पर सोना 1,600 रुपये उछला और चांदी की कीमत 1.30% चढ़कर 2,42,776 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई

Gold Silver Rate Today: सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों मजबूत बढ़त के साथ खुले। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीदों से घरेलू बाजार में खरीदारी बढ़ी है।
आज एमसीएक्स गोल्ड फ्यूचर्स 1,663 रुपये यानी 1.11% की तेजी के साथ 1,50,595 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,48,932 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं एमसीएक्स सिल्वर 3,123 रुपये यानी 1.30% चढ़कर 2,42,776 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना फिर भी दबाव में
घरेलू बाजार में तेजी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। स्पॉट गोल्ड 0.5% गिरकर 4,191 डॉलर प्रति औंस पर रहा। इस सप्ताह सोने में करीब 3.2% की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। स्पॉट सिल्वर 0.4% फिसलकर 67.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। हालांकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 2.4% की बढ़त दर्ज की गई।
क्यों बढ़ी घरेलू बाजार में खरीदारी?
गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई रोकने का संकेत दिया और कहा कि अमेरिका और ईरान इस सप्ताहांत तक शांति समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
अगर ऐसा होता है तो होर्मुज स्ट्रेट फिर से पूरी तरह खुल सकता है, जिससे ग्लोबल एनर्जी सप्लाई में राहत मिलेगी। यही वजह है कि घरेलू निवेशकों ने गिरावट के बाद सोने और चांदी में खरीदारी शुरू कर दी।
फिर भी सोना क्यों कमजोर है?
विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम एशिया संकट के दौरान कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने महंगाई बढ़ने की आशंका को जन्म दिया है। इसके चलते बाजार को उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। CME फेडवॉच के अनुसार दिसंबर तक फेड रेट बढ़ाने की संभावना करीब 60% है। उच्च ब्याज दरें सोने के लिए अच्छी नहीं मानी जाती हैं, क्योंकि सोना कोई ब्याज नहीं देता।
गोल्ड ETF से भी निकला पैसा: दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड ETF SPDR Gold ट्रस्ट की होल्डिंग्स में भी गिरावट दर्ज की गई है। फंड की होल्डिंग 0.3% घटकर 923.89 टन रह गई है, जो निवेशकों की सतर्कता को दर्शाती है।
क्या खत्म हो गया गिरावट का दौर
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा स्तरों पर सोने और चांदी में खरीदारी की रणनीति अपनाई जा सकती है। सोने में पिछले कुछ दिनों की तेज गिरावट के बाद अब रिकवरी के संकेत दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अमेरिका-ईरान वार्ता, कच्चे तेल की कीमतें और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर आने वाले संकेत आगे की दिशा तय करेंगे।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार सोने और चांदी में तकनीकी तौर पर पुलबैक रैली देखने को मिल सकती है। MCX Gold के लिएसपोर्ट ₹1,49,500 प्रति 10 ग्राम है जबकि, रेजिस्टेंट ₹1,52,000 प्रति 10 ग्राम। वहीं, MCX Silver के लिए सपोर्ट लेवल ₹2,35,000 प्रति किलो और रेजिस्टेंस ₹2,55,000 प्रति किलो है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
इनपुट:ब्लूमबर्ग
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


