Gold Silver Rate Today: एक दिन की बंपर उछाल के बाद सोना-चांदी के भाव में गिरावट, आखिर क्यों हुआ ऐसा?
मुख्य बातें
- Gold Silver Rate Today 14 May: सरकार द्वारा सोना और चांदी पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर करीब 15% किए जाने के बाद बुधवार को दोनों धातुओं में तेज उछाल आया था
- आज सोना 1223 रुपये सस्ता हुआ है
- जबकि, चांदी के भाव में 4287 रुपये की गिरावट है

Gold Silver Rate Today 14 May: सोने और चांदी की कीमतों में आज यानी गुरुवार 14 मई को गिरावट दर्ज की जा रही है। एक दिन पहले ही गोल्ड-सिल्वर के भाव में जोरदार तेजी दर्ज की गई थी। इसके बाद आज निवेशकों की मुनाफावसूली से कमोडिटी मार्केट में दबाव देखने को मिल रहा है। सरकार द्वारा सोना और चांदी पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर करीब 15% किए जाने के बाद बुधवार को दोनों धातुओं में तेज उछाल आया था।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत 1.2% गिरकर ₹2,96,213 प्रति किलो पर आ गई है, जबकि सोना 0.7% टूटकर ₹1,61,027 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को सोना ₹162250 और चांदी ₹300500 पर बंद हुई थी। इस लिहाज से आज सोना 1223 रुपये सस्ता हुआ है। जबकि, चांदी के भाव में 4287 रुपये की गिरावट है।
ग्लोबल मार्केट में भी नरमी
ग्लोबल मार्केट में भी कीमती धातुओं में कमजोरी रही। निवेशकों की नजर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच चल रही अहम बैठकों पर बनी हुई है। साथ ही ईरान युद्ध से जुड़े घटनाक्रम भी बाजार की दिशा तय कर रहे हैं।
स्पॉट सिल्वर 0.9% गिरकर 87.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड लगभग स्थिर रहकर 4,688.43 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। वहीं अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.2% कमजोर होकर 4,695 डॉलर पर आ गया।
आज क्यों गिर गए सोना-चांदी के दाम?
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार बुधवार की तेज तेजी के बाद निवेशक आज मुनाफावसूली कर रहे हैं। इससे कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही है। भारत सरकार ने हाल ही में सोना और चांदी के आयात पर शुल्क बढ़ाकर 15% कर दिया है। इसका मकसद बुलियन आयात कम करना, रुपये पर दबाव घटाना और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करना है।
हालांकि, ग्लोबल लेवल पर सुरक्षित निवेश की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है। अमेरिका में बढ़ती महंगाई, ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और ईरान संघर्ष के चलते निवेशक अभी भी सोना-चांदी में खरदारी कर रहे हैं।
अमेरिकी महंगाई ने बढ़ाई चिंता
अमेरिका से आए ताजा आर्थिक आंकड़ों ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल में उत्पादक कीमतों में चार वर्षों की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे यह संकेत मिला कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महंगाई का दबाव अभी भी बना हुआ है। यही वजह है कि बाजार में गिरावट के बावजूद कीमती धातुओं की सुरक्षित निवेश वाली मांग पूरी तरह कमजोर नहीं हुई है।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


