Gold Silver Price Today: चांदी के भाव ₹5000 टूटे, सोना भी दबाव में, क्या खरीदारी का है मौका?
Gold Silver Price Today: सोना और चांदी के भाव में आज गिरावट है। मिडिल ईस्ट की स्थिति और महंगाई के आंकड़े आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करेंगे। अगर तनाव बढ़ता है तो गोल्ड-सिल्वर में तेजी लौट सकती है, जबकि हालात सामान्य होने पर और गिरावट भी संभव है।

Gold Silver Price Today: कमोडिटी मार्केट में गुरुवार, 9 अप्रैल को सोना और चांदी दोनों में कमजोरी देखने को मिली। MCX पर चांदी करीब ₹500 गिरकर ₹2,35,133 प्रति किलो पर आ गई, जबकि सोना 0.7% यानी ₹1,129 टूटकर ₹2,39,918 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इंटरनेशनल मार्केट में भी यही ट्रेंड देखने को मिला। स्पॉट सिल्वर 73.83 डॉलर प्रति औंस पर फिसल गई, जबकि सोना 4,715 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर, लेकिन दबाव में रहा।
सोने-चांदी के भाव में गिरावट के 4 कारण
कारण नंबर 1. सीजफायर पर संशय
सोना-चांदी के भाव में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच घोषित युद्धविराम पर बढ़ती अनिश्चितता है। हालात, पूरी तरह शांत नहीं हैं। इजरायल द्वारा लेबनान में बड़े हमले और ईरान की चेतावनी ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है, जिससे ग्लोबल सप्लाई को लेकर डर बना हुआ है।
कारण नंबर 2. कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी
कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी देखने को मिली है। ब्रेंट और WTI क्रूड दोनों $97 प्रति बैरल के ऊपर कारोबार कर रहे हैं। तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने का खतरा बढ़ता है, जिससे केंद्रीय बैंक ब्याज दरें ऊंची रख सकते हैं। यही वजह है कि सोना और चांदी जैसे बिना ब्याज वाले निवेश दबाव में आ जाते हैं।
कारण नंबर 3. डॉलर और फेड की नीति का असर
डॉलर इंडेक्स में स्थिरता भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रही है। मजबूत डॉलर से सोना-चांदी महंगे हो जाते हैं, जिससे उनकी मांग कम होती है। वहीं, फेडरल रिजर्व के संकेत भी बाजार को प्रभावित कर रहे हैं। अगर महंगाई उम्मीद से ज्यादा रहती है, तो ब्याज दरों में कटौती टल सकती है या बढ़ोतरी भी हो सकती है।
कारण नंबर 4. निवेशकों की नजर अहम डेटा पर
बाजार अब अमेरिकी महंगाई (PCE) डेटा और जॉब्लेस क्लेम्स पर टिकी है। ये आंकड़े तय करेंगे कि आगे फेड की नीति क्या रहेगी और सोना-चांदी का रुख किस दिशा में जाएगा।
क्या यह खरीदारी का सही समय है?
मौजूदा हालात में बाजार पूरी तरह खबरों पर आधारित है। ऐसे में जल्दबाजी में बड़े निवेश से बचना बेहतर माना जा रहा है। गिरावट के दौरान धीरे-धीरे निवेश करना समझदारी हो सकती है। खासकर चांदी में ज्यादा उतार-चढ़ाव होता है, इसलिए इसमें निवेश करते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
ऑगमोंट में रिसर्च हेड, रेनीशा चैनानी के अनुसार तकनीकी स्तर अभी भी पॉजिटिव संकेत दे रहे हैं। चांदी $76.5 के ऊपर मजबूत ब्रेकआउट दे सकती है, जहां से $82–$87 तक जाने की संभावना है। वहीं, सोना $4,800 के ऊपर टिकता है तो $5,000 तक की तेजी दिखा सकता है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


