Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़gold silver prices soar why are prices rising now
सोने-चांदी के भाव में जोरदार उछाल, अब किस वजह से बढ़ रहे हैं दाम

सोने-चांदी के भाव में जोरदार उछाल, अब किस वजह से बढ़ रहे हैं दाम

संक्षेप: Gold Silver Prices: सुबह लगभग 9:05 बजे, MCX गोल्ड के दिसंबर फ्यूचर्स के भाव 1.04 प्रतिशत बढ़कर 1,22,330 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। उसी समय, MCX सिल्वर के दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट्स 1.76 प्रतिशत चढ़कर 1,50,325 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहे थे।

Mon, 10 Nov 2025 09:52 AMDrigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Gold Silver Prices: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज, सोमवार 10 नवंबर को सुबह के सौदों में सोने के दाम में एक प्रतिशत से ज्यादा और चांदी के दाम में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह उछाल वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले महीने एक और ब्याज दर में कटौती की बढ़ती उम्मीदों की वजह से आया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सुबह लगभग 9:05 बजे, MCX गोल्ड के दिसंबर फ्यूचर्स के भाव 1.04 प्रतिशत बढ़कर 1,22,330 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। उसी समय, MCX सिल्वर के दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट्स 1.76 प्रतिशत चढ़कर 1,50,325 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहे थे।

किस वजह से बढ़ रहे हैं सोने-चांदी के दाम?

अक्टूबर में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद सोने के दाम में काफी गिरावट आई थी। लेकिन, अब पीली धातु में ताजा गति अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सेहत को लेकर बढ़ती चिंताओं और दिसंबर में अमेरिकी फेड की एक और ब्याज दर कटौती की बढ़ती उम्मीदों की वजह से आई है।

नवीनतम आंकड़े दिखाते हैं कि अमेरिकी सरकार के शटडाउन के रविवार को 40वें दिन तक खिंच जाने से अमेरिकी रोजगार बाजार और उपभोक्ता विश्वास में काफी कमजोरी आई है। यह अमेरिकी इतिहास में अब तक का सबसे लंबा शटडाउन है।

मेहता इक्विटीज के राहुल कलंतरी ने बताया कि अमेरिकी सरकार का शटडाउन रिकॉर्ड समय तक चलने से व्यापक आर्थिक संभावनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है, जिसने निवेशकों के सुरक्षित जगहों पर पनाह लेने की मांग को फिर से बढ़ा दिया है। साथ ही डॉलर इंडेक्स भी नरम पड़ा है, जिससे सोने-चांदी के दामों को और सहारा मिला है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आंकड़ों से पता चलता है कि सरकार और रिटेल सेक्टर में नुकसान से अक्टूबर में नौकरियां गईं, वहीं कंपनियों द्वारा लागत कम करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने से छंटनी के मामलों में वृद्धि हुई है। इसके अलावा, अमेरिकी सरकार के शटडाउन के आर्थिक प्रभाव को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच नवंबर की शुरुआत में अमेरिकी उपभोक्ता विश्वास लगभग साढ़े तीन साल के अपने निचले स्तर पर पहुंच गया।

रोजगार बाजार के रुझान संकेत दे रहे हैं कि अमेरिकी फेड अपनी दिसंबर बैठक में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। सीएमई फेडवॉच टूल के मुताबिक, व्यापारी दिसंबर में फेड की दर कटौती की 67 प्रतिशत संभावना देख रहे हैं।

रिलायंस सिक्योरिटीज के जिगर त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच सोना एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। उन्होंने कहा कि MCX गोल्ड दिसंबर की कीमत 1,22,000 रुपये के सहारे के साथ 1,22,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सोने और चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। उनका सुझाव है कि निवेशकों को दाम गिरने (डिप) पर इनकी खरीदारी करनी चाहिए।

पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने कहा कि इस हफ्ते अमेरिकी महंगाई के आंकड़े और शटडाउन खत्म होने को लेकर अनिश्चितता के चलते डॉलर इंडेक्स और वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव के बीच सोने-चांदी के दाम अस्थिर रह सकते हैं।

जैन ने सलाह दी कि जब तक सोना और चांदी अपने सपोर्ट लेवल (क्रमशः 1,17,700 रुपये और 1,44,000 रुपये) से ऊपर बने हुए हैं, तब तक गिरावट पर इन्हें खरीदना जारी रखना चाहिए। उन्होंने आज के सत्र के लिए सोने-चांदी के संभावित सपोर्ट और प्रतिरोध स्तर भी बताए।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia
टीवी, प्रिंट और डिजिटल में कुल मिलाकर 20 साल का अनुभव। एचटी डिजिटल से पहले दृगराज न्यूज नेशन, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, सहारा समय और वॉच न्यूज एमपी /सीजी में रिपोर्टिग और डेस्क पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। स्पेशल स्टोरीज,स्पोर्ट्स, पॉलिटिक्स, सिनेमा, स्पोर्ट्स के बाद अब बिजनेस की खबरें लिख रहे हैं। दृगराज, लाइव हिन्दुस्तान में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम कर रहे हैं। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।