
6 दिन में ही चांदी ₹2 लाख तक सस्ती, सोना ₹45000 हुआ सस्ता, चेक करें आज का भाव
Gold Silver Price Today: एनालिस्ट्स के अनुसार इतनी तेज गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। जियोजित के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी के मुताबिक अमेरिकी फेड को लेकर सख्त रुख की उम्मीदें, डॉलर में मजबूती और CME ग्रुप द्वारा मार्जिन बढ़ाए जाने से बाजार पर दबाव आया।
Gold Silver Price Today 6 February: एमसीएक्स (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी बिकवाली का सीधा असर घरेलू वायदा बाजार पर पड़ा। MCX गोल्ड अप्रैल फ्यूचर्स करीब 1 फीसदी टूटकर ₹1,48,000 प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गया। 29 जनवरी को बने रिकॉर्ड हाई ₹1,93,096 के मुकाबले सोना अब तक करीब 23 फीसदी यानी 45,096 रुपये तक सस्ता हो चुका है। वहीं, चांदी में गिरावट और ज्यादा तेज रही। MCX सिल्वर फ्यूचर्स करीब 5.7 फीसदी गिरकर ₹2,29,000 के स्तर पर आ गए हैं। मार्च डिलीवरी वाली चांदी अपने ऑल-टाइम हाई ₹4.20 लाख से करीब 45 फीसदी या लगभग ₹2 लाख नीचे आ चुकी है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
कमोडिटी ब्रोकरेज जियोजित का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने के दामों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन लंबी अवधि का रुझान अभी भी मजबूत है। रिपोर्ट के मुताबिक MCX गोल्ड के लिए ₹1,47,200 से ₹1,42,700 के बीच सपोर्ट दिख रहा है, जबकि MCX सिल्वर के लिए सपोर्ट ₹2,30,000 से ₹2,02,600 के दायरे में माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना, चांदी और प्लैटिनम हाल के रिकॉर्ड स्तरों से फिसल गए हैं। खासतौर पर चांदी में बीते छह कारोबारी सत्रों में करीब 47 फीसदी तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
अब आगे क्या
एनालिस्ट्स के अनुसार इतनी तेज गिरावट के पीछे कई वजहें हैं। जियोजित के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी के मुताबिक अमेरिकी फेड को लेकर सख्त रुख की उम्मीदें, डॉलर में मजबूती और CME ग्रुप द्वारा मार्जिन बढ़ाए जाने से बाजार पर दबाव आया। CME ने गोल्ड फ्यूचर्स पर मार्जिन 8 फीसदी से बढ़ाकर 9 फीसदी और सिल्वर पर 15 फीसदी से 18 फीसदी कर दिया है, जिससे बड़े निवेशकों को अपनी पोजीशन कम करनी पड़ी। इसके अलावा रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद मुनाफावसूली ने भी कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव को बढ़ाया।
एनालिस्ट्स का यह भी मानना है कि भू-राजनीतिक तनावों में कुछ नरमी, खासकर अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता की खबरों से सेफ-हेवन डिमांड घटी है। पिछले हफ्ते बिकवाली तब शुरू हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने केविन वार्श को अगला फेड चेयरमैन नामित किया। इससे ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को झटका लगा। हालांकि UBS जैसे वैश्विक ब्रोकरेज का कहना है कि फिलहाल थोड़ी स्थिरता के बाद मिड-2026 तक सोने की कीमतें फिर से नए रिकॉर्ड स्तर छू सकती हैं और यह निवेशकों के लिए एक मजबूत हेज बना रहेगा।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



