2% तक सस्ती हुई चांदी, सोने के दाम में बढ़ोतरी, चेक करें लेटेस्ट रेट्स
Gold Silver Price: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतें दो प्रतिशत घटकर 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि सोना 700 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गया।
Gold Silver Price: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतें दो प्रतिशत घटकर 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गईं, जबकि सोना 700 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 5,000 रुपये या 1.96 प्रतिशत घटकर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गई, जो शुक्रवार को 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी। हालांकि, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 700 रुपये बढ़कर 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) हो गया, जो पिछली बार 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वैश्विक बाजारों में, हाजिर चांदी लगभग एक प्रतिशत घटकर 76.94 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 40.10 डॉलर या एक प्रतिशत घटकर 5,003.01 डॉलर प्रति औंस रह गया।
एनालिस्ट की राय
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ''सप्ताहांत की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की जिससे चांदी की शुरुआत नरम रुख के साथ हुई। हालांकि, केन्द्रीय बैंक की खरीदारी, प्रौद्योगिकी और एआई शेयरों में गिरावट के बीच सुरक्षित निवेश की मांग में बढ़ोतरी और कमजोर डॉलर इंडेक्स ने इसके नुकसान को को कम करने में मदद की है।''
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''डॉलर में मामूली सुधार और उसके बाद की लिवाली की कमी से कीमती धातुओं पर दबाव पड़ने से सोमवार को सोने में गिरावट आई।'' उन्होंने कहा कि चंद्र नववर्ष की छुट्टियों के कारण चीनी बाजार बंद होने से कारोबारी गतिविधियां धीमी रही। चीनी प्रतिभागी ने हाल की खासकर चांदी के उतार चढ़ाव में अहम भूमिका निभाई है और उनकी गैरमौजूदगी ने बाजार की धारणा को कमजोर किया है।
सोने का आयात जनवरी में 349 प्रतिशत बढ़ा
भारत ने जनवरी 2026 में 1,207.06 करोड़ डॉलर का सोना आयात किया जो पिछले साल जनवरी की तुलना में 349 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में चांदी का आयात 127 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 200.38 करोड़ डॉलर का रहा। पिछले साल जनवरी में 268.70 करोड़ डॉलर का सोना और 88.28 करोड़ डॉलर की चांदी आयात की गयी। चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीने (अप्रैल-जनवरी) में 6,146.39 करोड़ डॉलर का सोना और 977.53 करोड़ डॉलर की चांदी आयात की गयी। यह सालाना आधार पर क्रमशः 20.06 प्रतिशत और 128.54 प्रतिशत की वृद्धि है। मात्रा की बात करें तो वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में अप्रैल से दिसंबर के दौरान सोने का आयात 18.29 प्रतिशत घटकर 5.22 लाख टन रह गया। वहीं, चांदी का आयात 56.07 प्रतिशत बढ़कर 57.27 लाख टन पर पहुंच गया।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



