Gold Silver Crash: चांदी ₹8899 हुई सस्ती, सोने के भाव ₹5350 लुढ़के, खरीदें या रुकें?
मुख्य बातें
- Gold Silver Rates Today: सोने का भाव 5350 रुपये यानी 2.06 फीसदी की गिरावट के साथ 146240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था
- चांदी के दाम 8899 रुपये यानी 3.73 फीसदी टूटकर 228721 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए

Gold Silver Crash: ग्लोबल मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों में आई कमजोरी के बीच शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों धातुओं के रेट में भारी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत और डॉलर की मजबूती ने बुलियन बाजार पर दबाव बनाया है।
सुबह 11 बजे MCX पर सोने का भाव 5350 रुपये यानी 2.06 फीसदी की गिरावट के साथ 146240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। चांदी के दाम 8899 रुपये यानी 3.73 फीसदी टूटकर 228721 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए।
MCX पर सोने-चांदी के शुरुआती भाव
एमसीएक्स पर सोने के फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट 2,134 रुपये यानी 1.43 फीसदी की गिरावट के साथ 1,47,175 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुले, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,49,378 रुपये था। वहीं, जुलाई डिलीवरी वाली चांदी के फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट में 5,000 रुपये से अधिक यानी 2.19 फीसदी की कमी आई और यह 2,32,371 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछले सत्र में चांदी 2,37,620 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात
वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतें गिरती रहीं और यह लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट के साथ बंद होने की ओर बढ़ रही हैं। मजबूत डॉलर और फेड के कड़े रुख ने कीमतों पर दबाव बढ़ाया है। स्पॉट गोल्ड 0.6 फीसदी गिरकर 4,184.33 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। अगस्त डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर 1 फीसदी टूटकर 4,202.10 डॉलर पर पहुंच गए। स्पॉट सिल्वर 1.5 फीसदी गिरकर 64.83 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है।
डॉलर की मजबूती का असर
अमेरिकी डॉलर एक साल के उच्चतम स्तर पर मंडरा रहा है, जिससे डॉलर में मूल्यांकन वाली सोने-चांदी अन्य मुद्रा धारकों के लिए महंगी हो गई है। इससे कीमती धातुओं में निवेश कम आकर्षक हो जाता है।
फेड की ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदें
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बुधवार को ब्याज दरों को स्थिर रखा, लेकिन केंद्रीय बैंक के 19 अधिकारियों में से 9 अब मानते हैं कि इस साल उन्हें नीतिगत दरों में बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है। सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार, ट्रेडर्स अब दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की 87 फीसदी संभावना जता रहे हैं, जो फेड के फैसले से पहले 61 फीसदी थी। ब्याज दरें अधिक होने पर सोना निवेश के लिहाज से कम आकर्षक हो जाता है क्योंकि इस पर कोई ब्याज नहीं मिलता।
गोल्डमैन सैक्स का अनुमान
प्रमुख वैश्विक बैंक गोल्डमैन सैक्स ने सोने के दिसंबर के भाव का अनुमान घटाकर 4,900 डॉलर प्रति औंस कर दिया है, जो इससे पहले 5,400 डॉलर प्रति औंस था। बैंक को अब इस साल फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद नहीं है।
भू-राजनीतिक घटनाक्रम का असर
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे मुद्रास्फीति को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। होर्मुज से तेल टैंकरों की आवाजाही शुरू हो गई है और अमेरिका ने गुरुवार को ईरान पर लगी नाकेबंदी हटाने की घोषणा की है। इससे बुलियन मार्केट पर और दबाव बना है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


