Gold-Silver Crash: सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट, MCX पर 2% तक टूटे भाव; जानिए आगे क्या होगा?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • MCX पर सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली
  • गोल्ड अक्टूबर फ्यूचर्स करीब 1.19% गिरकर ₹1,50,973 प्रति 10 ग्राम, जबकि सिल्वर दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट 1.70% टूटकर करीब ₹2,31,000 प्रति किलो पर पहुंच गया
  • आइए जानते हैं कि क्या आगे सोने के भाव में और गिरावट आएगी?

Gold Rate
MCX पर सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में देखने को मिली तेज गिरावट।

Gold-Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार (14 सितंबर) को जोरदार गिरावट देखने को मिली। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच शाम के कारोबार में MCX पर दोनों कीमती धातुओं के भाव करीब 2 फीसदी तक टूट गए। MCX गोल्ड अक्टूबर फ्यूचर्स करीब 1.19 फीसदी गिरकर 1,50,973 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि सिल्वर दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट 1.70 फीसदी की गिरावट के साथ करीब 2,31,000 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहा था। गणेश चतुर्थी के कारण कमोडिटी मार्केट में दिन के पहले हिस्से में कारोबार बंद था। आइए जरा विस्तार से समझते हैं कि सोने पर आखिर किस चीज का इतना ज्यादा दबाव बन रहा है।

कमजोरी के पीछे सबसे बड़ा कारण?

सोने और चांदी में इस कमजोरी के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों को बताया जा रहा है। इसके अलावा दूसरा बड़ा कारण फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बढ़ती चिंता को भी माना जा रहा है। अमेरिकी महंगाई के आंकड़े अनुमान से ज्यादा रहने के बाद बाजार में यह उम्मीद मजबूत हुई है कि फेड महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों को बढ़ा सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने पर दबाव दिखाई दिया। दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स लगातार दो कारोबारी सत्रों में 2 फीसदी से ज्यादा टूटकर करीब 4,317.95 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच गए।

महंगाई के ऊंचे स्तर का असर सोने पर

बाजार में इस सप्ताह फेड के फैसले को लेकर काफी हलचल है। CME FedWatch के मुताबिक, कारोबारियों के बीच इस सप्ताह दर बढ़ने की संभावना करीब 89 फीसदी आंकी जा रही है, जो पिछले सप्ताह के महंगाई आंकड़ों से पहले करीब 67 फीसदी थी। अगस्त में अमेरिका का CPI सालाना आधार पर 3.4 फीसदी और महीने-दर-महीने 0.3 फीसदी बढ़ा। महंगाई के ऊंचे स्तर का असर सोने पर इसलिए पड़ता है, क्योंकि ब्याज दरें बढ़ने पर डॉलर और बॉन्ड यील्ड को सपोर्ट मिल सकता है, जिससे बिना ब्याज देने वाली संपत्ति माने जाने वाले सोने की मांग प्रभावित होती है।

तेल की कीमतों ने बढ़ाई बाजार की चिंता

इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। ब्रेंट (Brent) क्रूड करीब 4 फीसद चढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। सऊदी अरब पर नए हमलों और खाड़ी क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की खबरों से तेल बाजार में सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है। इससे महंगाई के दोबारा बढ़ने का डर पैदा हुआ है। कमोडिटी एक्सपर्ट के मुताबिक, अब सोने की अगली दिशा फेड के फैसले पर काफी हद तक निर्भर करेगी।

और गिर सकती हैं सोने की कीमतें?

SMC ग्लोबल सिक्योरिटीज की एक्सपर्ट वंदना भारती के अनुसार, हाल की गिरावट के बाद ब्याज दर बढ़ने की संभावना का कुछ असर सोने की कीमत में पहले ही शामिल हो चुका है। अगर फेड 25 बेसिस पॉइंट की दर बढ़ाता है और आगे भी दरें ऊंची रखने का संकेत देता है, तो सोने में एक और 1-2 फीसदी की गिरावट आ सकती है। वहीं, अगर फेड दरों में बदलाव नहीं करता है, तो शॉर्ट कवरिंग और नई खरीदारी से सोने में तेज रिकवरी संभव है।

कहां तक जाएगा MCX गोल्ड?

इन हालातों को देखते हुए MCX गोल्ड 1,56,000-1,58,000 रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव काफी ज्यादा रहने की संभावना है। इसलिए निवेशकों को केवल एक दिन की तेजी या गिरावट देखकर फैसला लेने के बजाय फेड के फैसले, डॉलर, बॉन्ड यील्ड और वैश्विक घटनाक्रम पर नजर रखनी चाहिए।

डिस्क्लेमर- यह एक जानकारी मात्र है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट, MCX पर 2% तक टूटे भाव; जानिए आगे क्या होगा?