Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़gold silver made the highest profit in 1 year leaving the stock market far behind
1 साल में सोने-चांदी ने सबसे अधिक मुनाफा कराया, शेयर बाजार को काफी पीछे छोड़ा

1 साल में सोने-चांदी ने सबसे अधिक मुनाफा कराया, शेयर बाजार को काफी पीछे छोड़ा

संक्षेप:

Gold Silver Price Review: 15 अगस्त 2024 को सोना 70,136 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 80,061 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार कर रही थी। एक साल बाद, 15 अगस्त 2025 तक सोने ने 42.76% और चांदी ने 43% की छलांग लगाई है। वर्तमान में सोना 1,01,020 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया है।

Fri, 15 Aug 2025 06:16 AMDrigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Gold Silver Price Review: पिछले एक साल में यानी स्वतंत्रता दिवस 2024 से 2025 तक की अवधि में, वैश्विक और घरेलू बाजारों में अनिश्चितता के बीच सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं ने भारतीय शेयर बाजार को काफी पीछे छोड़ दिया। इस दौरान सोने की कीमतों में 42.76% और चांदी में 43% की शानदार वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी में केवल 1.97% और सेंसेक्स में 1.81% की मामूली बढ़ोतरी हुई।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सोने और चांदी का शानदार प्रदर्शन

15 अगस्त 2024 को सोना 70,136 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 80,061 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार कर रही थी। एक साल बाद, 15 अगस्त 2025 तक सोने ने 42.76% और चांदी ने 43% की छलांग लगाई है। वर्तमान में सोना 1,01,020 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया है।

एक साल के दौरान इसकी कीमतों में लगभग 31 हजार रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं, चांदी के दाम 1,12,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। इसके दाम बीते 12 महीने में करीब 32 हजार रुपये चढ़े हैं।

सोने की चमक और तेज

सोना एक सुरक्षित निवेश परिसंपत्ति के रूप में अपनी मजबूती बनाए हुए है और 2025 की पहली छमाही में इस बहुमूल्य धातु ने निवेशकों को लगभग 27 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। एक जनवरी को 24 कैरेट सोने का भाव 77,723 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास था, जो 30 जून तक बढ़कर 97,583 रुपये तक पहुंच गया।

इस दौरान सोने में लगभग 20 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई और इसने करीब 26 फीसदी का मुनाफा कराया। वहीं, जून के बाद से इसकी कीमतों में तेजी बनी हुई है और बीते डेढ़ महीने में दाम 3500 रुपये तक उछल चुके हैं। इस तरह बीते साढ़े सात महीने में सोना 23,500 रुपये चढ़ चुका है। विशेषज्ञों के अनुसार, दूसरी छमाही में सोना 4-8 प्रतिशत और बढ़ सकता है।

12 माह में कितना रिटर्न

सोना +42.76%

चांदी +43%

निफ्टी +1.97%

सेंसेक्स +1.81%

ट्रंप के टैरिफ का साफ असर

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले साल नवंबर में टैरिफ लगाने की घोषणा करने के बाद से सोने की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है। आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2024 से सोना लगभग 30 प्रतिशत महंगा हुआ है। वहीं, दो अप्रैल को टैरिफ लगाने के बाद से इसकी कीमतों में करीब सात फीसदी का उछाल आया है।

शेयर बाजार पर दबाव

दूसरी ओर, भारतीय शेयर बाजार का प्रदर्शन इस अवधि में कमजोर रहा। निफ्टी और सेंसेक्स में क्रमशः 1.97% और 1.81% की मामूली वृद्धि हुई। ट्रंप के शुल्क से वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता बढ़ी है, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा। रुपये की कमजोरी और विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली ने भी बाजार को सीधे तौर पर प्रभावित किया।

सबसे ज्यादा बिकवाली इस साल देखने को मिली है और एफपीआई ने भारतीय बाजारों से कुल 1.13 लाख करोड़ रुपये निकाले हैं। ट्रंप द्वारा 30 जुलाई को भारत पर टैरिफ लगाने के बाद से निकासी तेज हुई है और अगस्त में ही अब तक 17,924 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं।

सोने-चांदी में तेजी के कारण

1. सुरक्षित निवेश और औद्योगिक मांग से सोने और चांदी के प्रति आकर्षण बढ़ा

2. मुद्रास्फीति के खिलाफ बचाव के रूप में सोने की मांग बढ़ी, खासकर उभरते बाजारों में

3. केंद्रीय बैंकों ने अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता कम करने के लिए सोने की खरीदारी बढ़ाई

4. अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद 5. सौर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में चांदी की मांग में भारी वृद्धि

बाजार की चुनौतिया बढ़ीं

1. वैश्विक व्यापार तनाव बढ़ने से निवेशकों के बीच संशय

2. रुपये की कमजोरी से विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा खींच रहे

3. भारत पर ट्रंप के टैरिफ को लेकर अनिश्चितता बरकरार, निवेशक सतर्क

4. वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका से वैश्विक बाजारों के प्रदर्शन पर भी असर

आगे के लिए सोने का अनुमान

अमेरिकी बैंकिंग और वित्तीय निवेश कंपनी गोल्डमैन सैक्स ने अनुमान जताया है कि 2025 के अंत तक सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। भारतीय बाजार में कीमत लगभग 1.10 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बराबर हो सकती है। यह वैश्विक स्तर पर व्यापारिक तनाव बढ़ने पर निर्भर करेगा।

गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट-2025 के अनुसार, अगर दुनियाभर में व्यापारिक तनाव से वैश्विक मंदी का जोखिम बहुत अधिक बढ़ता है तो सोना 4,500 डॉलर प्रति औंस तक भी जा सकता है, जो भारत में 1.30 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास होगा।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia
टीवी, प्रिंट और डिजिटल में कुल मिलाकर 20 साल का अनुभव। एचटी डिजिटल से पहले दृगराज न्यूज नेशन, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, सहारा समय और वॉच न्यूज एमपी /सीजी में रिपोर्टिग और डेस्क पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। स्पेशल स्टोरीज,स्पोर्ट्स, पॉलिटिक्स, सिनेमा, स्पोर्ट्स के बाद अब बिजनेस की खबरें लिख रहे हैं। दृगराज, लाइव हिन्दुस्तान में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम कर रहे हैं। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।