गोल्ड ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, कमजोर डॉलर और अमेरिका-चीन तनाव ने लगाई कीमतों में आग
Why Gold Price Surge: दिसंबर वायदा में सोने का भाव ₹1,28,395 प्रति 10 ग्राम के न्यू ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया, जबकि चांदी दिसंबर वायदा ₹1,64,150 प्रति किलोग्राम तक चढ़ी। सुबह 9:10 बजे तक सोना 0.51% की बढ़त के साथ ₹1,27,862 पर और चांदी 0.81% की तेजी के साथ ₹1,63,523 के स्तर पर थी।
Why Gold Price Surge: एमसीएक्स (MCX) में गुरुवार को सोने और चांदी के वायदा भाव रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। दिसंबर वायदा में सोने का भाव ₹1,28,395 प्रति 10 ग्राम के न्यू ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया, जबकि चांदी दिसंबर वायदा ₹1,64,150 प्रति किलोग्राम तक चढ़ी। सुबह 9:10 बजे तक सोना 0.51% की बढ़त के साथ ₹1,27,862 पर और चांदी 0.81% की तेजी के साथ ₹1,63,523 के स्तर पर थी।

क्यों उछल रहे भाव
वैश्विक बाजार में रिकॉर्ड स्तर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने के भाव 4,200 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड तक पहुंच गए हैं। यह बढ़ोतरी एक कमजोर डॉलर, वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा संभावित ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के चलते आई है। डॉलर इंडेक्स में लगभग 0.40% की गिरावट देखी गई है, जिससे अन्य मुद्राओं में सोने की कीमत अपेक्षाकृत सस्ती हुई है ।
अमेरिका-चीन में बढ़ते तनाव का भी असर
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। वॉशिंगटन ने चीन की ‘रेयर अर्थ एक्सपोर्ट कंट्रोल’ नीतियों को वैश्विक आपूर्ति के लिए खतरा बताते हुए जवाबी कदमों के संकेत दिए हैं। यह आर्थिक अनिश्चितता निवेशकों को सोने जैसे सुरक्षित निवेश साधनों की ओर आकर्षित कर रही है। इसके साथ ही अमेरिका में सरकारी शटडाउन दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है, जिससे डॉलर पर दबाव और बढ़ा है।
निवेशकों के लिए सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि लंबी अवधि में सोने-चांदी का आउटलुक सकारात्मक है, लेकिन निकट अवधि में इसमें उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन का कहना है कि इस सप्ताह सोना 3,980–4,280 डॉलर प्रति औंस और चांदी 48.50–53.50 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकती है। डॉलर की दिशा और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव ही भाव की दिशा तय करेंगे।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)



