सोना ₹1.63 लाख के पार, अगस्त में ₹20,000 हुआ महंगा, कहां तक पहुंचेगा?

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • Gold Silver Rtaes: लगातार तेजी के चलते अगस्त में अब तक MCX गोल्ड करीब 20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है
  • साल की शुरुआत से अब तक सोने ने करीब 20% रिटर्न दिया है
  • एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था

mcx gold silver rate today
सोना ₹1.63 लाख के पार, अगस्त में ₹20,000 हुआ महंगा, कहां तक पहुंचेगा?

MCX पर चमक के साथ सोना लगातार छठे हफ्ते में तेजी पर है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में तेजी देखने को मिली। इस तेजी के कारण अगस्त में सोना करीब 20000 रुपये महंगा हो चुका है। दूसरी ओर आज चांदी के भाव में गिरावट आई। कच्चे तेल की कीमतों में कमी और डॉलर में स्थिरता से सोने को सहारा मिला। वहीं, चांदी में निवेशकों ने मुनाफावसूली की।

सुबह करीब 9:35 बजे MCX पर अक्टूबर वायदा सोना 0.42% बढ़कर 1,63,120 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर, सितंबर वायदा चांदी 0.58% गिरकर 2,45,171 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

भारत में MCX पर सोने की कीमतों में लगातार छठे हफ्ते तेजी जारी रही। MCX गोल्ड ने बीते हफ्ते करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़त दर्ज की और 1,62,438 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। यह तीन महीने से ज्यादा समय का सबसे ऊंचा स्तर था। आज 24 अगस्त को 163220 पर पहुंच गया है।

लगातार तेजी के चलते अगस्त में अब तक MCX गोल्ड करीब 20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है। साल की शुरुआत से अब तक सोने ने करीब 20% रिटर्न दिया है। एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था

क्यों महंगा होने लगा सोना

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 2% गिरकर 93 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई। निवेशकों ने अमेरिका की ओर से ईरान पर अतिरिक्त प्रतिबंधों की संभावित घोषणा से पहले मुनाफावसूली की।

डॉलर इंडेक्स: डॉलर इंडेक्स भी पिछले स्तर के आसपास बना रहा और कई महीनों के निचले स्तर के करीब है। अमेरिकी लंबी अवधि के बॉन्ड की यील्ड में भी गिरावट आई। इससे सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ी।

अब अमेरिकी महंगाई और फेड पर नजर: अब बाजार की नजर अमेरिका के 26 अगस्त को जारी होने वाले जुलाई PCE महंगाई आंकड़ों पर है। PCE फेडरल रिजर्व का पसंदीदा महंगाई सूचकांक है।

इसके अलावा इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयर केविन वार्श के भाषण पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। उनके बयान से ब्याज दरों को लेकर फेड के अगले कदम का संकेत मिल सकता है।

अमेरिका-ईरान युद्ध: अमेरिका-ईरान के बीच रुकी हुई बातचीत भी सोने की कीमतों को प्रभावित करने वाला बड़ा कारण बनी हुई है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि सोमवार को वह ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंधों की जानकारी देंगे, जिन्हें उन्होंने अब तक के "सबसे कड़े" प्रतिबंध बताया है।

क्या सस्ता नहीं होगा सोना

मास्टर कैपिटल सर्विसेज के मुख्य शोध अधिकारी रवि सिंह के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत सोने की कीमतों का असर MCX पर भी दिखाई दे रहा है। डॉलर की कमजोरी और लंबी अवधि के अमेरिकी बॉन्ड की यील्ड में गिरावट से सोने को समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि अमेरिकी सरकार का कर्ज 40 लाख करोड़ डॉलर से अधिक हो जाने और राजकोषीय चिंताओं के कारण भी निवेशक सोने को वित्तीय और मुद्रा जोखिम से बचाव के विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।

सोने का अगला लक्ष्य 1.67 लाख रुपये?

रवि सिंह के अनुसार, MCX सोना तीन महीने के ऊंचे स्तर के आसपास है और पिछले सप्ताह इसमें 5% से अधिक की तेजी आई है। हालिया तेजी के बाद सोने के लिए 1,64,500 रुपये अगला अहम प्रतिरोध स्तर है।

अगर सोना इस स्तर के ऊपर मजबूती से टिकता है तो अगला लक्ष्य 1,67,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो सकता है। नीचे की ओर हालिया ब्रेकआउट जोन महत्वपूर्ण सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़सोना ₹1.63 लाख के पार, अगस्त में ₹20,000 हुआ महंगा, कहां तक पहुंचेगा?