सोने का भाव GST समेत ₹1.50 लाख और चांदी ₹3.14 लाख के पार, जानें क्यों बढ़ रहीं कीमतें
Gold Silver Price 20 Jan.: आज चांदी एक झटके में जहां 10888 रुपये उछली वहीं, सोना 2429 रुपये उछल गया है। जीएसटी समेत चांदी का भाव अब 3.14 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है। जबकि, 24 कैरेट गोल्ड का रेट अब जीएसटी समेत 150766 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।

Gold Silver Price 20 Jan.: सोने-चांदी के भाव आज एक और नए शिखर पर हैं। सोमवार के बंद भाव के मुकाबले आज चांदी एक झटके में जहां 10888 रुपये उछली वहीं, सोना 2429 रुपये उछल गया है। जीएसटी समेत चांदी का भाव अब 3.14 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है। जबकि, 24 कैरेट गोल्ड का रेट अब जीएसटी समेत 150766 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
अब चांदी इस साल केवल 20 दिनों में 74443 रुपये महंगी हो चुकी है। जबकि, सोने के भाव 13180 रुपये ही बढ़ा है। यानी इस साल चांदी की रफ्तार सोने की तुलना में करीब छह गुनी तेज है।
आज चांदी का भाव बिना जीएसटी 304886 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है। बिना जीएसटी आज सोने के भाव 146375 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुले। सोमवार को चांदी बिना जीएसटी 293975 रुपये पर बंद हुई। इसी तरह सोना बिना जीएसटी 143946 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
यह रेट आईबीजेए द्वारा जारी किए गए हैं। आईबीजेए दिन में दो बार रेट जारी करता है। एक बार दोपहर 12 बजे के करीब दूसरा 5 बजे के आसपास। अभी यह रेट दोपहर 12 बजे वाला है।
कैरेट के हिसाब से गोल्ड के भाव
- 14 कैरेट गोल्ड का रेट भी 1421 रुपये चढ़ा है। आज यह 84227 रुपये पर खुला और जीएसटी समेत यह 88197 रुपये पर है।
- 18 कैरेट गोल्ड में 1821 रुपये की उछाल है। आज यह 109781 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला है और जीएसटी के साथ इसकी कीमत 113074 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है।
- 22 कैरेट गोल्ड 2225 रुपये महंगा होकर 134080 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। जीएसटी संग यह 138102 रुपये है।
- आज 23 कैरेट गोल्ड भी 2219 रुपये उछलकर 145789 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला। जीएसटी संग इसकी कीमत अब 150162 रुपये हो गई है। अभी इसमें मेकिंग चार्ज नहीं जुड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय सोने की कीमतें भी अपने रिकॉर्ड ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं। अमेरिका में सोने के फरवरी डिलीवरी वाले फ्यूचर्स में लगभग 2% की उछाल आई और यह 4,681 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करने लगा।
भू-राजनीतिक तनाव है मुख्य वजह
सोने को मजबूत समर्थन मिल रहा है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आठ यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी है, जिसके जवाब में यूरोपीय देशों ने जवाबी कार्रवाई की भाषा का इस्तेमाल किया है। ट्रम्प ग्रीनलैंड को लेकर अपने रुख से पीछे हटते नहीं दिख रहे। अगर यूरोपीय देश जवाबी कदम उठाते हैं, तो इससे दुनिया के दो सबसे बड़े आर्थिक गठबंधनों, अमेरिका और यूरोप, के बीच बड़ा व्यापार युद्ध शुरू हो सकता है। फिलहाल, चीन, भारत और यूरोप सहित दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं पर अमेरिकी टैरिफ लगे हुए हैं।
विशेषज्ञों की राय
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के उपाध्यक्ष और एस्पेक्ट ग्लोबल वेंचर्स की कार्यकारी अध्यक्ष अक्ष कंबोज ने कहा कि अमेरिका और यूरोप के बीच बढ़ते व्यापार तनाव ने सोने की सुरक्षित मांग को तेज कर दिया है। यह माहौल बहुत सहायक है, भले ही सोने की कीमतों में बहुत तेजी से उछाल आया है।
कंबोज ने कहा कि जब तक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं की चिंताएं प्रमुख बनी रहेंगी, तब तक सोना उच्च स्तर पर बना रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चांदी सोने की ताकत के साथ-साथ भू-राजनीतिक तनाव के कारण मजबूत निवेश मांग से प्रेरित है। उच्च अस्थिरता के बावजूद चांदी की मजबूती मजबूत निवेशक विश्वास का संकेत देती है, जो अल्पकाल के लिए समग्र दृष्टिकोण को दृढ़ता से सकारात्मक बनाए हुए है।
डॉलर में गिरावट का असर
डॉलर सूचकांक में लगभग आधा प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे अन्य मुद्राओं वाले खरीदारों के लिए डॉलर-आधारित बुलियन सस्ता हो गया है।
डिस्क्लेमर: सोने-चांदी के हाजिर भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA)ने जारी किए हैं। हो सकता है आपके शहर में इससे 1000 से 2000 रुपये का अंतर आ रहा हो।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया:-लाइव हिन्दुस्तान में पिछले 6 साल से बिजनेस टीम का अहम हिस्सा हैं। दृगराज को पत्रकारिता में 21 वर्षों का लंबा अनुभव है। इन्होंने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी स्पेशल खबरों से खास पहचान बनाई है। शेयर मार्केट, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी पर विशेष पकड़। मैथ्स से ग्रेजुएट, मास कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा। दृगराज, रिसर्च और एनॉलिस के जरिए मार्केट डेटा को आसान भाषा में 'कुछ अलग' पाठकों तक पहुंचाते हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले साढ़े सात साल तक हिन्दुस्तान अखबार में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा सहारा समय, दैनिक जागरण, न्यूज नेशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
और पढ़ें


