सोने के दाम में गजब की तेजी, ₹2 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंचेगा भाव! एक्सपर्ट का अनुमान

Mar 10, 2026 08:00 pm ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share

Gold Price Today: सोने की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना इंट्राडे में बढ़कर करीब ₹1,61,675 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।

सोने के दाम में गजब की तेजी, ₹2 लाख प्रति 10 ग्राम पर पहुंचेगा भाव! एक्सपर्ट का अनुमान

Gold Price Today: सोने की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना इंट्राडे में बढ़कर करीब ₹1,61,675 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। हालांकि यह अब भी अपने ऑल-टाइम हाई ₹1,80,779 प्रति 10 ग्राम से करीब ₹18,000 नीचे कारोबार कर रहा है। हाल की तेजी की बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और मध्य-पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव में थोड़ी नरमी मानी जा रही है। डॉलर कमजोर होने से दूसरे देशों के निवेशकों के लिए सोना सस्ता पड़ता है, जिससे इसकी मांग बढ़ जाती है।

क्यों बढ़ रहा दाम

दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी के बाद बाजार में हलचल बढ़ी, जिसमें उन्होंने संकेत दिया कि ईरान के साथ चल रहा तनाव अपेक्षा से जल्दी खत्म हो सकता है। इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी आई और डॉलर कमजोर हुआ। तेल की कीमतें कम होने से महंगाई बढ़ने का खतरा थोड़ा कम माना जाता है। जब महंगाई का दबाव कम होता है तो केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाने से बचते हैं, और ऐसे माहौल में बिना ब्याज देने वाली संपत्ति यानी सोना निवेशकों को ज्यादा आकर्षित करता है।

सोने की कीमतों में मजबूती

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में मजबूती देखी गई। कॉमेक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स करीब 1.5% उछलकर $5,179 प्रति औंस के आसपास पहुंच गए, जबकि स्पॉट गोल्ड भी करीब 0.7% बढ़कर $5,174 प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में भी लगभग 1.6% की तेजी दर्ज की गई। हालांकि इससे पहले हफ्ते की शुरुआत में सोने में करीब 2% की गिरावट आई थी, क्योंकि तेल की कीमतों में अचानक उछाल से महंगाई बढ़ने की आशंका और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर कटौती में देरी की चिंताएं बढ़ गई थीं।

मार्केट एक्सपर्ट्स ने क्या कहा

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने का लंबी अवधि का ट्रेंड अभी भी मजबूत है, लेकिन फिलहाल इसमें थोड़ी रेंज-बाउंड चाल देखने को मिल सकती है। ऑगमोंट की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के मुताबिक, जब युद्ध या भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है तो निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की ओर भागते हैं। लेकिन जैसे ही तनाव कम होने के संकेत मिलते हैं, कुछ निवेशक फिर से इक्विटी जैसे जोखिम वाले एसेट्स की ओर लौट जाते हैं। ऐसे में सोने की कीमतें कुछ समय तक सीमित दायरे में रह सकती हैं या हल्की गिरावट भी आ सकती है।

हालांकि, लंबी अवधि में सोने को सपोर्ट करने वाले कई मजबूत फैक्टर अभी भी मौजूद हैं। दुनिया भर में बढ़ता कर्ज, आने वाले समय में मौद्रिक नीति में नरमी की उम्मीद और अलग-अलग देशों के केंद्रीय बैंकों द्वारा डॉलर के बजाय सोने में रिजर्व बढ़ाना इसके प्रमुख कारण हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां इसी तरह बनी रहीं तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना $5,600 प्रति औंस के स्तर को पार कर सकता है, जिसका असर भारतीय बाजार में भी दिखेगा।

क्या है टारगेट प्राइस

विशेषज्ञों के मुताबिक अगर डॉलर कमजोर रहता है, ब्याज दरों में कटौती शुरू होती है और वैश्विक तनाव पूरी तरह खत्म नहीं होता, तो आने वाले समय में भारत में सोना ₹2 लाख प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच सकता है। हालांकि फिलहाल निकट अवधि में सोना ₹1.58 लाख से ₹1.67 लाख के दायरे में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार कर सकता है। ऐसे में निवेशकों की नजर अब डॉलर की चाल, वैश्विक ब्याज दरों और मध्य-पूर्व के हालात पर टिकी हुई है, जो सोने की अगली दिशा तय करेंगे।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,