Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़gold mortgage borrowers have risen sharply in the past five months and this is why it s gaining popularity
सोना गिरवी रख कर लोन लेने वाले 5 महीने में तेजी से बढ़े, क्यों बढ़ रही इसकी लोकप्रियता

सोना गिरवी रख कर लोन लेने वाले 5 महीने में तेजी से बढ़े, क्यों बढ़ रही इसकी लोकप्रियता

संक्षेप: Gold Loan: रिजर्व बैंक की मासिक रिपोर्ट से पता चलता है कि बीते वर्ष अगस्त तक कुल 1,40,393 करोड़ का गोल्ड लोन बांटा गया था, जो इस साल अगस्त तक बढ़कर 3,05,814 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सालाना आधार पर इसमें 117.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

Wed, 22 Oct 2025 06:30 AMDrigraj Madheshia हिन्दुस्तान टीम
share Share
Follow Us on

देशभर में सोने के आभूषणों को गिरवी रखकर लोन लेने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। रिजर्व बैंक के आंकड़ों से पता चलता है कि पांच महीने के अंदर गोल्ड लोन में करीब 97,079 हजार करोड़ रुपये की तेज लोन बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सालाना आधार पर अगस्त माह में 117.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय उछाल आया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

रिजर्व बैंक द्वारा जारी मासिक रिपोर्ट से पता चलता है कि बीते वर्ष अगस्त तक कुल 1,40,393 करोड़ का गोल्ड लोन बांटा गया था, जो इस साल अगस्त तक बढ़कर 3,05,814 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सालाना आधार पर इसमें 117.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, दूसरी श्रेणियों जैसे पर्सनल लोन, वाहन लोन, एजुकेशन लोन, क्रेडिट कार्ड बकाया, आवास लोन और एफडी के विरुद्ध लोन की वृद्धि दर सीमित रही है।

एक माह में 12 हजार करोड़ का लोन बांटा

रिपोर्ट के मुताबिक, लोग सोने की ज्वेलरी को गिरवी रखकर अपनी वित्तीय जरूरतें पूरी कर रहे हैं। इस वर्ष मार्च तक 2,08,735 करोड़ रुपये का गोल्ड लोन दिया गया, जो जुलाई तक बढ़कर 2,94,166 करोड़ रुपये हो गया। चार महीने के अंदर करीब 85 हजार करोड़ रुपये की लोन बढ़ोतरी देखी गई, जो अगस्त में भी जारी रही है। अगस्त में बढ़ोतरी 97,079 करोड़ पहुंच गई है। यानी एक माह के भीतर ही 12 हजार करोड़ से अधिक का उछाल आया है।

क्या कहते हैं जानकार

जानकार मानते है कि गोल्ड लोन की लोकप्रियता इसलिए बढ़ी है, क्योंकि यह तेजी से मिलने वाला और अपेक्षाकृत सुरक्षित लोन विकल्प बन चुका है। मौजूदा नियमों के तहत बैंक और नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियां 2.5 लाख रुपये तक का लोन सोने की ज्वेलरी के कुल मूल्य का 85 प्रतिशत तक प्रदान कर सकती हैं।

सोने की दाम बढ़ने से अधिक लोन मिला

वॉयस ऑफ बैंकिंग के फाउंडर अश्विनी राणा कहते हैं कि सोने की बढ़ती कीमतों ने लोन लेने की प्रवृत्ति को और तेज किया है। सोने का भाव बढ़ने से गिरवी रखी ज्वेलरी के बदले अधिक राशि लोन के रूप में मिल रही है, जिससे आम लोग अपनी तत्काल आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए गोल्ड लोन की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

बढ़ती महंगाई और वित्तीय अनिश्चितता के दौर में गोल्ड लोन आम लोगों के लिए आसान विकल्प बन गया है। बैंक बिना लंबी प्रक्रिया के तुरंत लोन जारी कर देते हैं, जिस कारण से सोने की ज्वेलरी को गिरवी रखकर लोन लेने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

लोन लेने वक्त बरते सावधानी

- सोने की ज्वेलरी को गिरवी रखकर लोन सिर्फ अच्छी बैंक शाखा से लें

- लोन लेते वक्त गिरवी रखी गई ज्वेलरी का फोटो भी अपने पास सुरक्षित रखें।

- अगर बैंक या एनबीएफसी द्वारा लोन के बदले बीमा कवर उपलब्ध कराया तो उसे भी ले लें।

अन्य श्रेणी के लोन में सालाना आधार पर वृद्धि

पर्सनल लोन - 11.9 प्रतिशत

होम लोन 9.7 प्रतिशत

एफडी के सापेक्ष 16.6 प्रतिशत

क्रेडिट कार्ड बकाया 4.4 प्रतिशत

शिक्षा 14.6 प्रतिशत

वाहन 8.7

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia
टीवी, प्रिंट और डिजिटल में कुल मिलाकर 20 साल का अनुभव। एचटी डिजिटल से पहले दृगराज न्यूज नेशन, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, सहारा समय और वॉच न्यूज एमपी /सीजी में रिपोर्टिग और डेस्क पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। स्पेशल स्टोरीज,स्पोर्ट्स, पॉलिटिक्स, सिनेमा, स्पोर्ट्स के बाद अब बिजनेस की खबरें लिख रहे हैं। दृगराज, लाइव हिन्दुस्तान में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम कर रहे हैं। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।