सोना ₹1.58 लाख के नीचे, चांदी ₹2.60 लाख पर, क्या खरीदारी का सही वक्त आ गया?

Feb 12, 2026 01:03 pm ISTDrigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
share

MCX Gold Silver Rate: एमसीएक्स पर अप्रैल फ्यूचर कांट्रैक्ट वाला सोना 0.47 फीसदी की गिरावट के साथ 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,58,755 रुपये था। चांदी ने कारोबार के दौरान 2,60,453 रुपये का निचला स्तर छुआ, जो करीब 1 फीसदी की गिरावट है।

सोना ₹1.58 लाख के नीचे, चांदी ₹2.60 लाख पर, क्या खरीदारी का सही वक्त आ गया?

MCX Gold Silver Rate: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया यानी MCX पर गुरुवार को सोने और चांदी के भाव में गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ। यह गिरावट अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत डॉलर के चलते बुलियन कीमतों में आई कमजोरी की वजह से हुई। एमसीएक्स पर अप्रैल फ्यूचर कांट्रैक्ट वाला सोना 0.47 फीसदी की गिरावट के साथ 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,58,755 रुपये था। कारोबार के दौरान सोना 1,57,701 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक फिसल गया।

मार्च फ्यूचर कांट्रैक्ट वाली चांदी 1,657 रुपये यानी 0.63 फीसदी की गिरावट के साथ 2,61,361 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली। इससे पहले इसका बंद भाव 2,63,018 रुपये था। चांदी ने कारोबार के दौरान 2,60,453 रुपये का निचला स्तर छुआ, जो करीब 1 फीसदी की गिरावट है। एमसीएक्स पर चांदी 1,950 रुपये यानी 0.74 फीसदी की कमजोरी के साथ 2,61,068 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बिकवाली का दबाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी में गिरावट दर्ज की गई। जनवरी के रोजगार आंकड़े उम्मीद से बेहतर आने के बाद अमेरिकी डॉलर में मजबूती आई है, जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कमजोर हुई हैं।

स्पॉट गोल्ड 0.4 फीसदी गिरकर 5,058.64 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में इसमें 1 फीसदी से अधिक की तेजी आई थी। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स अप्रैल डिलीवरी के लिए 0.3 फीसदी फिसलकर 5,080 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। स्पॉट सिल्वर में 1.4 फीसदी की गिरावट आई और यह 82.87 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि बुधवार को इसमें 4 फीसदी की तेजी आई थी।

अन्य कीमती धातुओं का हाल

अन्य कीमती धातुओं की बात करें तो स्पॉट प्लैटिनम 1 फीसदी गिरकर 2,110.63 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं पैलेडियम ने गिरावट के रुझान को तोड़ा और 0.4 फीसदी की बढ़त के साथ 1,707.17 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

आज की गिरावट के पीछे की वजहें

अमेरिकी डॉलर इंडेक्स ने बुधवार की तेजी को बरकरार रखा। अमेरिका में हैरान कर देने वाली रोजगार रिपोर्ट ने दिखाया कि वहां की आर्थिक स्थितियां मजबूत बनी हुई हैं। आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में अमेरिका में रोजगार सृजन में अप्रत्याशित तेजी आई, वहीं बेरोजगारी दर घटकर 4.3 फीसदी पर आ गई।

भू-राजनीतिक मोर्चे पर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ चर्चा के बाद कहा कि ईरान के साथ आगे बढ़ने के तरीके पर कोई 'अंतिम' सहमति नहीं बनी है। हालांकि उन्होंने कहा कि तेहरान के साथ बातचीत जारी रहेगी ताकि किसी संभावित समझौते पर पहुंचा जा सके।

जून में संभावित दर कटौती की उम्मीद

रॉयटर्स के एक सर्वे में संकेत दिया गया है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के कार्यकाल के दौरान ब्याज दरों को स्थिर रख सकता है। पॉवेल का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है और उसके बाद जून में संभावित दर कटौती हो सकती है। सर्वे में शामिल अर्थशास्त्रियों ने आशंका जताई है कि पॉवेल के संभावित उत्तराधिकारी केविन वार्श के नेतृत्व में नीति अत्यधिक उदार हो सकती है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया:-लाइव हिन्दुस्तान में पिछले 6 साल से बिजनेस टीम का अहम हिस्सा हैं। दृगराज को पत्रकारिता में 21 वर्षों का लंबा अनुभव है। इन्होंने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी स्पेशल खबरों से खास पहचान बनाई है। शेयर मार्केट, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी पर विशेष पकड़। मैथ्स से ग्रेजुएट, मास कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस में पीजी डिप्लोमा। दृगराज, रिसर्च और एनॉलिस के जरिए मार्केट डेटा को आसान भाषा में 'कुछ अलग' पाठकों तक पहुंचाते हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले साढ़े सात साल तक हिन्दुस्तान अखबार में बतौर सीनियर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा सहारा समय, दैनिक जागरण, न्यूज नेशन में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,