Gold Silver Rates: ₹3,600 सस्ता हो गया सोना, चांदी ₹6,000 टूटी, खरीदें या करें इंतजार
मुख्य बातें
- Gold Silve Prices: MCX पर सोना और चांदी लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ खुले
- पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोना ₹3,600 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹6,000 प्रति किलो टूट चुकी है

Gold Silver Price: एमसीएक्स पर सोमवार, 7 सितंबर को सुबह के कारोबार में सोना-चांदी के भाव लुढ़क गए। इसकी वजह घरेलू बाजार में कमजोर स्पॉट डिमांड यानी तत्काल मांग और कमजोर वैश्विक संकेत हैं। अमेरिका से आए मजबूत रोजगार के आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं को हवा दे दी है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ खुले। पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोना ₹3,600 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹6,000 प्रति किलो टूट चुकी है। आज की बात करें तो सोना (अक्टूबर 2026 डिलीवरी) ₹500 गिरकर ₹1,52,244 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। जबकि, चांदी (सितंबर 2026 डिलीवरी) ₹1,235 गिरकर ₹2,36,423 प्रति किलो हो गई।
गिरावट का बड़ा कारण: अमेरिकी रोजगार डेटा
शुक्रवार को आए आंकड़ों के बाद सोने-चांदी के दामों में गिरावट आई। इन आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में रोजगार वृद्धि में उछाल आया है, जबकि अगस्त में बेरोजगारी दर 4.1% पर स्थिर रही। इससे श्रम बाजार में सुधार का संकेत मिला और अगले हफ्ते अमेरिकी फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावनाओं को बल मिला है।
विशेषज्ञ की क्या है राय
एलपीएल फाइनेंशियल के मुख्य अर्थशास्त्री जेफरी रोच ने कहा, "अगस्त में रोजगार के आंकड़ों में 1,62,000 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि जुलाई के आंकड़ों में 21,000 का ऊपरी संशोधन किया गया है। यह रिपोर्ट शायद FOMC के कुछ और वोटिंग सदस्यों को दर बढ़ोतरी के पक्ष में ले आएगी। अगस्त की मजबूत पेरोल रिपोर्ट को देखते हुए FOMC पर 16 सितंबर को दर बढ़ाने का दबाव बढ़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि अगर नीति निर्माता कार्रवाई नहीं करते हैं तो बाजार और ज्यादा अस्थिर हो सकते हैं।"
आगे की चुनौतियां क्या हैं
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च ऑफिसर रवि सिंह ने कहा, “एमसीएक्स पर गोल्ड की कमजोरी अंतरराष्ट्रीय सोने के साथ तालमेल रखती है, जो अमेरिकी पेरोल्स उम्मीद से बेहतर आने के बाद $4,400 के करीब संघर्ष कर रहा है। अगस्त में पेरोल्स में उम्मीद (लगभग 55,000) के मुकाबले 1,62,000 की बढ़ोतरी हुई है, जिससे सितंबर में दर बढ़ोतरी की संभावना लगभग 60% तक पहुंच गई है।”
उन्होंने बताया, "बढ़ते अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और फिर से मजबूत होता डॉलर सोने पर अतिरिक्त दबाव डाल रहे हैं, जबकि अमेरिका-ईरान के बढ़ते तनाव और ऊंचे क्रूड तेल के दाम महंगाई के रिस्क को बनाए रख रहे हैं। इस हफ्ते अमेरिकी PPI और CPI जारी होने वाले हैं, इसलिए महंगाई के आंकड़े यह तय करने के लिए अहम होंगे कि दर बढ़ोतरी की उम्मीदें और मजबूत होती हैं या सोने को एक और झटका लगता है।"
अमेरिका-ईरान-इजराइल युद्ध: अमेरिका-ईरान विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। अमेरिकी सेना ने रविवारको ईरान के उस दावे को 'पूरी तरह झूठा' बताते हुए खारिज कर दिया कि उसने होर्मुज में एक अमेरिकी ड्रोन शिप को निशाना बनाया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरानी सरकार जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रही है और उसका पतन निकट है।


