प्रॉफिट में 54% की भारी गिरावट, 94 रुपये का शेयर...अब सोमवार को रहेगी नजर
जीएमआर एयरपोर्ट्स ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने अपने नेट प्रॉफिट में पिछले वर्ष की तुलना में 54.4% की भारी गिरावट दर्ज की। तिमाही नतीजे के बाद अब शेयर पर सोमवार को नजर रहेगी।

GMR airports share price: अगले सप्ताह सोमवार को शेयर बाजार में जब ट्रेडिंग होगी तो निवेशकों की नजर जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड के शेयर पर रहेगी। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जीएमआर एयरपोर्ट्स ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इन नतीजों में कंपनी को बड़ा नुकसान हुआ है। आपको बता दें कि शेयर की कीमत 100 रुपये से भी कम है।
कैसे रहे दिसंबर तिमाही के नतीजे
जीएमआर एयरपोर्ट्स ने शुक्रवार (14 फरवरी) को वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। जीएमआर एयरपोर्ट्स को अपने नेट प्रॉफिट में पिछले वर्ष की तुलना में 54.4% की भारी गिरावट दर्ज की। कंपनी का मुनाफा घटकर ₹121.8 करोड़ रहा जबकि एक वर्ष पहले यह ₹267 करोड़ था। हालांकि, यात्रियों की संख्या में वृद्धि और परिचालन प्रदर्शन में सुधार के चलते कंपनी का राजस्व 50.5% बढ़कर ₹2,653 करोड़ से ₹3,994 करोड़ हो गया। कंपनी ने बताया कि कुल आय में सालाना आधार पर 49% की वृद्धि हुई और यह ₹4083 करोड़ तक पहुंच गई जबकि EBITDA में 65% की वृद्धि हुई और यह ₹1789 करोड़ के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया।
यात्री यातायात में भी उछाल
दिसंबर तिमाही की बात करें तो यात्री यातायात में भी भारी वृद्धि देखी गई। इस तिमाही के दौरान जीएएल के स्वामित्व वाले हवाई अड्डों ने 31.9 मिलियन यात्रियों को संभाला। दिल्ली हवाई अड्डे ने 20.8 मिलियन यात्रियों को, हैदराबाद हवाई अड्डे ने 7.8 मिलियन यात्रियों को और मोपा (गोवा) हवाई अड्डे ने 1.46 मिलियन यात्रियों को संभाला। वहीं, दिल्ली हवाई अड्डे (डीआईएएल) ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में ₹2019 करोड़ की कुल आय दर्ज की, जो वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही के ₹1430 करोड़ से 41% अधिक है।
यह वृद्धि मुख्य रूप से विमानन राजस्व में हुई, जो संशोधित किराए लागू होने के बाद वार्षिक आधार पर 173% बढ़ी। वित्त वर्ष 2026 के नौवें वित्तीय वर्ष में कुल आय 38% बढ़कर ₹5,634 करोड़ हो गई जो वित्त वर्ष 2025 के नौवें वित्तीय वर्ष के ₹4,097 करोड़ थी। हैदराबाद एयरपोर्ट ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 659 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की, जो वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही के 609 करोड़ रुपये से सालाना आधार पर 8.2% अधिक है। इसमें एयरो राजस्व में सालाना आधार पर 5.6% और गैर-एयरो राजस्व में 23.7% की वृद्धि हुई है।
शेयर का परफॉर्मेंस
तिमाही नतीजे के बाद अब शेयर पर सोमवार को नजर रहेगी। जीएमआर एयरपोर्ट्स के शेयर की बात करें तो 94.02 रुपये पर है। यह शेयर एक दिन पहले के मुकाबले शुक्रवार को 2.40% टूटकर बंद हुआ। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 110.30 रुपये और 52 हफ्ते का लो 67.75 रुपये है।





