
अडानी से मिला इस कंपनी को बड़ा ऑर्डर, 11% चढ़ गया शेयर, 2739% उछला चुका है दाम
यह लगातार दूसरा दिन है जब स्टॉक में तेजी आई है और दो दिनों में कुल बढ़त करीब 13.33% हो चुकी है। इस उछाल के बाद शेयर अपने 52-वीक हाई ₹3,323.70 से महज 2% नीचे रह गया है, जो इसे फिर से चर्चा में ले आया है।
GE Vernova T&D India Share: मल्टीबैगर स्टॉक जीई वर्नोवा टी एंड डी इंडिया के शेयरों में सोमवार, 22 दिसंबर को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी को अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) से बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद शेयर इंट्राडे में करीब 11% उछलकर ₹3,250 तक पहुंच गया। यह लगातार दूसरा दिन है जब स्टॉक में तेजी आई है और दो दिनों में कुल बढ़त करीब 13.33% हो चुकी है। इस उछाल के बाद शेयर अपने 52-वीक हाई ₹3,323.70 से महज 2% नीचे रह गया है, जो इसे फिर से चर्चा में ले आया है।
कंपनी ने क्या कहा
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि AESL प्रोजेक्ट ने जीई वर्नोवा टी एंड डी को 2500 मेगावॉट, ±500 kV एचवीडीसी वीएससी टर्मिनल स्टेशन के डिजाइन और स्थापना का कॉन्ट्रैक्ट दिया है। यह प्रोजेक्ट गुजरात के खावड़ा (KPS 3) से साउथ ओलपाड तक रिन्यूएबल पावर की ट्रांसमिशन के लिए है। इस प्रोजेक्ट को कई सालों में पूरा किया जाएगा। हालांकि कंपनी ने ऑर्डर की कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन ब्रोकरेज फर्म नुवामा रिसर्च का अनुमान है कि इसकी वैल्यू करीब ₹8,000 से ₹10,000 करोड़ के बीच हो सकती है।
ब्रोकरेज ने क्या कहा
ब्रोकरेज के मुताबिक, जीई वर्नोवा टी एंड डी इस समय अपने अब तक के सबसे बड़े ऑर्डर बुक ₹13,100 करोड़ पर बैठी है, जो अगले 30 से 36 महीनों के लिए मजबूत रेवेन्यू विजिबिलिटी देता है। खावड़ा–साउथ ओलपाड HVDC प्रोजेक्ट से यह भरोसा और मजबूत हुआ है। इसके अलावा कंपनी को हर साल ₹6,000–7,000 करोड़ के बेस ऑर्डर मिलने की उम्मीद है, जबकि 25–30% ऑर्डर एक्सपोर्ट से भी आ सकते हैं। नुवामा का मानना है कि 3–4 साल के एग्जीक्यूशन प्रोफाइल के चलते FY28–29 की कमाई में 20–30% तक का अपसाइड संभव है और इसका टारगेट प्राइस ₹3,680 रखा गया है।
शेयरों के हाल
शेयर के परफॉर्मेंस की बात करें तो जीई वर्नोवा टी एंड डी इस साल अब तक YTD आधार पर 53% चढ़ चुका है और 12 में से 9 महीनों में इसमें तेजी रही है। लंबे समय में यह स्टॉक निवेशकों के लिए सोना साबित हुआ है। पिछले दो साल में शेयर 580% और तीन साल में करीब 2739% उछल चुका है। सोमवार सुबह करीब 10:10 बजे, शेयर ₹3,094 के आसपास 5.7% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था। मजबूत ऑर्डर बुक और रिन्यूएबल एनर्जी पर बढ़ते फोकस के चलते यह स्टॉक आगे भी निवेशकों की नजर में बना रह सकता है।





