
माइक्रोसॉफ्ट वाले नडेला ने दिखाया AI एप्लिकेशन का डेमो, मुरीद हुए गौतम अडानी
गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तस्वीर साझा करते हुए बताया कि नडेला ने उन्हें अपने द्वारा व्यक्तिगत रूप से बनाए जा रहे एआई एप्लिकेशन का एक खास डेमो दिखाया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच तकनीक के भविष्य और वास्तविक दुनिया में AI की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
माइक्रोसॉफ्ट द्वारा भारत में 17.5 अरब डॉलर के बड़े निवेश की घोषणा के एक दिन बाद अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने बुधवार को कंपनी के सीईओ सत्य नडेला के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तस्वीर साझा करते हुए बताया कि नडेला ने उन्हें अपने द्वारा व्यक्तिगत रूप से बनाए जा रहे एआई एप्लिकेशन का एक खास डेमो दिखाया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच तकनीक के भविष्य और वास्तविक दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

क्या कहा गौतम अडानी ने?
गौतम अडानी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- सत्य नडेला से मिलना और तकनीक के भविष्य पर उनकी गहरी समझ से सीखना हमेशा सुखद होता है। हम इस 360 डिग्री साझेदारी को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हैं, खासकर उस दौर में जब फिजिकल और डिजिटल दुनिया AI के युग में एक-दूसरे में समाहित हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नडेला द्वारा बनाए जा रहे एआई ऐप्स का फर्स्ट-पर्सन डेमो मिलना इस बात का प्रमाण है कि अच्छे लीडर कैसे खुद काम को गंभीरता से लेते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट का निवेश
बता दें कि माइक्रोसॉफ्ट भारत में एआई-सक्षम भविष्य के लिए जरूरी अवसंरचना, कौशल एवं स्वायत्त क्षमताओं के विकास के लिए 17.5 अरब डॉलर (करीब 1.58 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। माइक्रोसॉफ्ट ने एक बयान में कहा कि कंपनी 2026 से 2029 के बीच अगले चार वर्षों में भारत में 17.5 अरब डॉलर का निवेश करेगी, जिससे एआई को बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी ने कहा कि यह निवेश जनवरी, 2025 में घोषित तीन अरब डॉलर की पिछली निवेश प्रतिबद्धता के अतिरिक्त है।
इसके पहले गूगल ने 14 अक्टूबर को पांच वर्षों के भीतर 15 अरब डॉलर निवेश करके भारत में एक एआई केंद्र स्थापित करने की घोषणा की थी, जिसमें अडानी समूह के साथ साझेदारी में देश का सबसे बड़ा डाटा सेंटर भी शामिल होगा। इसके बाद डिजिटल कनेक्शन ने भी 11 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की, जो ब्रुकफील्ड, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अमेरिका की डिजिटल रियल्टी का संयुक्त उद्यम है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि हैदराबाद स्थित उसका 'इंडिया साउथ सेंट्रल क्लाउड रीजन' 2026 के मध्य में शुरू हो जाएगा, जिसका कुल आकार लगभग दो ईडन गार्डन स्टेडियम के बराबर है।





