गौतम अडानी को एक ही दिन में ₹42000 करोड़ की चोट, रुतबा और नेटवर्थ दोनों घटा

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • अब अडानी का नेटवर्थ 105 अरब डॉलर रह गया है
  • अरबपतियों की लिस्ट में वह 20वें स्थान पर आ गए हैं
  • जबकि, अंबानी का नेटवर्थ 81.3 अरब डॉलर रह गया है
  • वहीं, मस्क को एक ही दिन में 24.8 अरब डॉलर का झटका लगा

Gautam Adani
अडानी को चीन के एक अरबपति ने एशिया के सबसे रईस व्यक्ति का रुतबा छीन लिया है।

दुनिया के अरबपतियों में मंगलवार को भारत के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी का रुतबा और दौलत दोनों कम हो गए। अडानी अब एशिया के सबसे रईस व्यक्ति नहीं रहे। उन्हें चीन के झांग यिमिंग ने पछाड़कर यह ताज हासिल कर लिया है। यिमिंग 105 अरब डॉलर के साथ दुनिया के अरबपतियों में 18वें और एशिया में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

अडानी संपत्ति एक झटके में ही 42000 करोड़ रुपये अधिक कम हो गई और ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में भी 20वें स्थान पर आ गए। दूसरी ओर मुकेश अंबानी को भी 17000 करोड़ रुपये से अधिक की चोट पहुंची है। अडानी की संपत्ति में गिरावट की वजह अडानी ग्रुप के शेयरों में गिरावट रही। जबकि, अंबानी को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों ने चोट पहुंचाई है।

बता दें दुनिया के अरबपतियों की दौलत में उछाल या गिरावट की सबसे बड़ी वजह उनके शेयर्स होते हैं। मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के नेटवर्थ का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनियों के शेयरों का है।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक अडानी को मंगलावार को 4.44 अरब डॉलर यानी 42000 करोड़ रुपये से अधिक का झटका लगा। अब उनका नेटवर्थ 105 अरब डॉलर रह गया है। अरबपतियों की लिस्ट में वह 20वें स्थान पर आ गए हैं। जबकि, अंबानी को 1.78 अरब डॉलर यानी करीब 17000 करोड़ रुपये की चोट पहुंची है। उनका नेटवर्थ 81.3 अरब डॉलर रह गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर मंगलवार को 1.47 प्रतिशत टूटकर 1239 रुपये पर बंद हुए।

अडानी ग्रुप के शेयरों का हाल

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 15 सितंबर को तेज गिरावट के बीच अडानी ग्रुप के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला। NSE के 15 सितंबर के कारोबार के आंकड़ों के मुताबिक, अडानी ग्रुप के प्रमुख शेयरों में अडानी एंटरप्राइजेज 4.29% गिरकर ₹2,928.60, जबकि अडानी पावर 3.80% टूटकर ₹202 पर बंद हुआ।

वहीं अडानी पोर्ट्स एंड SEZ करीब 2.88% गिरकर ₹1,713.80 पर बंद हुआ। अडानी ग्रीन एनर्जी 2.05% की गिरावट के साथ ₹1,255 पर आ गया।

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में भी 1.86% की कमजोरी रही और शेयर करीब ₹1,347.50 पर बंद हुआ। वहीं अडानी टोटल गैस करीब 2.46% गिरकर ₹580.15 और अंबुजा सीमेंट्स 2.58% टूटकर ₹381.75 पर रहा।

अडानी शेयरों में यह कमजोरी व्यापक बाजार की गिरावट के बीच आई। मंगलवार को निफ्टी 1.19% गिरकर 23,118.60 और सेंसेक्स 1.04% टूटकर 74,003.82 पर बंद हुआ। ऊंचे कच्चे तेल के दाम और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने मार्केट सेंटिमेंट्स पर दबाव बनाया।

एलन मस्क को भी बड़ा नुकसान

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की दौलत में भी गिरावट दर्ज की गई। टेस्ला और स्पेस एक्स में गिरावट की वजह से मस्क को एक ही दिन में 24.8 अरब डॉलर का झटका लगा। अब उनका नेटवर्थ 892 अरब डॉलर रह गया है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़गौतम अडानी को एक ही दिन में ₹42000 करोड़ की चोट, रुतबा और नेटवर्थ दोनों घटा