इटली के एयरपोर्ट को खरीदेंगे अडानी! डील के करीब पहुंची ग्रुप की कंपनी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • इटली के कैटनिया एयरपोर्ट को खरीदने की रेस में गौतम अडानी समूह भी है
  • ये खबर ऐसे समय आई है जब अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के भारत में एयरलाइन खरीदने की चर्चा तेज हुई है
Indian billionaire Gautam Adani
गौतम अडानी

इटली के कैटानिया एयरपोर्ट को खरीदने की रेस में गौतम अडानी समूह भी है। अडानी समूह की कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, एयरपोर्ट के प्राइवेटाइजेशन के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया में दूसरे राउंड में पहुंच गई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।

10 बोलीदाताओं में शामिल

रॉयटर्स की खबर के अनुसार, एयरपोर्ट ऑपरेटर SAC के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर निको टोरिसी ने बताया कि अडानी समूह की कंपनी उन 10 बोलीदाताओं में शामिल है जिन्होंने शुरुआती चयन का चरण पार कर लिया है। शॉर्टलिस्ट किए गए बोलीदाताओं में अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, विंची एयरपोर्ट्स, रॉयल शिफोल ग्रुप, कॉरपोरेशन अमेरिका एयरपोर्ट्स, मुंडीज, सेव, 2i एयरोपोर्टी, मैग ओवरसीज इन्वेस्टमेंट, ओमान एयरपोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी और मैक्वेरी यूरोपियन इंफ्रास्ट्रक्चर फंड शामिल हैं।

कैटानिया एयरपोर्ट के बारे में

कैटानिया एयरपोर्ट को चलाने वाली कंपनी SAC ने मई में एयरपोर्ट में कम से कम 51% हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू की है। कैटानिया सिसिली का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है और यात्रियों की संख्या के हिसाब से इटली का पांचवां सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। एयरपोर्ट ऑपरेटर का मालिकाना हक स्थानीय अधिकारियों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास है। यह दक्षिणी सिसिली में छोटे कोमिसो एयरपोर्ट का भी प्रबंधन करता है, जिसके लिए 2049 तक का कॉन्ट्रैक्ट है।

ये खबर ऐसे समय आई है जब अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के भारत में एयरलाइन खरीदने की चर्चा तेज हुई है। बीते दिनों मीडिया में इस तरह की खबरें आई थीं कि एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) से कंसेशन एग्रीमेंट की एक शर्त में छूट मांगी थी। इस शर्त के तहत, मुंबई एयरपोर्ट चलाने वाली कंपनी किसी शेड्यूल्ड एयरलाइन में 10% से अधिक हिस्सेदारी नहीं रख सकती। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी ने यह भी अनुरोध किया था कि भविष्य के एयरपोर्ट कंसेशन एग्रीमेंट से भी ऐसी पाबंदियां हटाई जाएं। हालांकि, अडानी समूह ने इस खबर को खारिज कर दिया था।

क्या कहा अडानी समूह ने?

बीते दिनों अडानी समूह ने मीडिया की उन खबरों और बाजार में जारी अटकलों का खंडन कर दिया जिनमें दावा किया गया था कि वह एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना बना रहा है। समूह ने इन दावों को पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया। अडानी एंटरप्राइजेज के एक प्रवक्ता ने कहा, "हम मीडिया में आ रही खबरों और बाजार में जारी उन अटकलों का स्पष्ट रूप से खंडन करते हैं, जिनमें कहा गया है कि अडानी एंटरप्राइजेज एयरलाइन (विमानन कंपनी) शुरू करने की योजना बना रही है। ये खबरें पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।" प्रवक्ता ने बताया कि अदाणी एंटरप्राइजेज एयरलाइन कारोबार में प्रवेश करने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़इटली के एयरपोर्ट को खरीदेंगे अडानी! डील के करीब पहुंची ग्रुप की कंपनी