
ग्रे मार्केट प्रीमियम का इशारा, पहले ही दिन 200 रुपये के पार होगा यह शेयर, IPO में 150 रुपये का शेयर
IPO में गैलार्ड स्टील के शेयर का दाम 150 रुपये है। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 52 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। अगर मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम के हिसाब से देखें तो गैलार्ड स्टील के शेयर 202 रुपये पर लिस्ट हो सकते हैं।
गैलार्ड स्टील के आईपीओ पर लोग टूट पड़े हैं। गैलार्ड स्टील के आईपीओ पर 375 गुना से ज्यादा दांव लग गया है। कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में भी दहाड़ रहे हैं। गैलार्ड स्टील के शेयर ग्रे मार्केट में करीब 35 पर्सेंट के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो गैलार्ड स्टील के शेयर लिस्टिंग पर अच्छा फायदा करा सकते हैं। कंपनी के शेयर बुधवार 26 नवंबर को बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। गैलार्ड स्टील का आईपीओ दांव लगाने के लिए 19 नवंबर को खुला था और यह 21 नवंबर तक ओपन रहा।
पहले ही दिन 200 रुपये के पार जा सकते हैं शेयर
IPO में गैलार्ड स्टील के शेयर का दाम 150 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में 52 रुपये के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं। अगर मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो गैलार्ड स्टील के शेयर 202 रुपये पर लिस्ट हो सकते हैं। यानी, IPO में जिन निवेशकों को कंपनी के शेयर अलॉट होंगे, वह लिस्टिंग वाले दिन करीब 35 पर्सेंट फायदे की उम्मीद कर सकते हैं। कंपनी के शेयर BSE के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे। गैलार्ड स्टील के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 37.50 करोड़ रुपये तक का था।
IPO पर लग गया 375 गुना से ज्यादा दांव
गैलार्ड स्टील का आईपीओ टोटल 375.54 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 351.58 गुना दांव लगा है। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स या NII) की कैटेगरी में 624.56 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। गैलार्ड स्टील के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 228.48 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। गैलार्ड स्टील के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ की 2 लॉट में 2000 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को 2 लॉट के लिए 3 लाख रुपये का निवेश करना पड़ा।
कंपनी का कारोबार
गैलार्ड स्टील की शुरुआत साल 2015 में हुई है। गैलार्ड स्टील लिमिटेड माइल्ड स्टील, SGCI और लो एलॉय कास्टिंग्स समेत इंजीनियर्ड स्टील कास्टिंग्स की मैन्युफैक्चरिंग करती है। कंपनी इंडियन रेलवे, डिफेंस सेक्टर, पावर जेनरेशन और एलाइड इंडस्ट्रीज के लिए रेडी-टू-यूज कंपोनेंट्स, असेंबलीज और सब-असेंबलीज की मैन्युफैक्चरिंग करती है।





