महारत्न कंपनी ने की बड़ी डील, मिनरल्स के लिए है तगड़ा प्लान
मुख्य बातें
- गेल (इंडिया) लिमिटेड ने खनिज विदेश इंडिया लिमिटेड (KABIL) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं
- इस डील में दोनों कंपनियां जरूरी और रणनीतिक मिनरल्स के क्षेत्र में अवसरों की पहचान और मूल्यांकन करेंगे

सरकार की महारत्न कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने एक बड़ी डील की है। इसके तहत गेल ने खनिज विदेश इंडिया लिमिटेड (KABIL) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका मकसद जरूरी और रणनीतिक मिनरल्स के क्षेत्र में सहयोग करना और भारत की लंबे समय की रिसोर्स सिक्योरिटी को मजबूत करना है।
इस डील में दोनों कंपनियां जरूरी और रणनीतिक मिनरल्स के क्षेत्र में अवसरों की पहचान और मूल्यांकन करेंगे। इसके अलावा, तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और माइनिंग वैल्यू चेन में संभावनाओं को तलाशने के प्रयास होंगे। इससे भारत में इन जरूरी संसाधनों की लंबे समय तक सप्लाई और क्लीन एनर्जी ट्रांजिशन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। गेल और KABIL के बीच हुई इस डील के वक्त कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। इस MoU पर GAIL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (R&D और E&P) संजीव कुमार और KABIL के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सुनील कुमार सिंह ने हस्ताक्षर किए।
सुस्त पड़ा है शेयर
गेल के शेयर की बात करें तो बीएसई पर 171.25 रुपये का है। इस शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो क्रमश: 188.80 रुपये और 134.35 रुपये है। बीते साल जुलाई से इस साल मार्च के बीच शेयर ने यह उतार-चढ़ाव देखे हैं। कंपनी की बात करें तो यह भारत की एक इंटीग्रेटेड एनर्जी कंपनी है और पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत एक महारत्न सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज है। गेल की मौजूदगी पूरी नेचुरल गैस वैल्यू चेन में है।
खनिज विदेश इंडिया लिमिटेड के बारे में
खनिज विदेश इंडिया लिमिटेड की बात करें तो तीन सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज- नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO), हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) और मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (MECL) का एक जॉइंट वेंचर है। इस कंपनी की स्थापना भारत की लंबे समय की आर्थिक वृद्धि, औद्योगिक विकास और एनर्जी ट्रांजिशन को सपोर्ट करने के लिए विदेशों में जरूरी और रणनीतिक मिनरल एसेट्स की पहचान और हासिल करने के लिए है।
गेल के मैनेजमेंट में बदलाव
जानकारी के लिए आपको बता दें कि हाल ही में गेल के मैनेजमेंट में बदलाव हुआ है। बीते दिनों गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने बताया कि एस. के. सिन्हा ने निदेशक (वित्त) का कार्यभार संभाल लिया है। वह 1994 में ट्रेनी के रूप में गेल से जुड़े थे और अब तीन दशक से अधिक के कार्यकाल के बाद निदेशक मंडल में शामिल हुए हैं। सिन्हा ने गेल ग्लोबल सिंगापुर प्राइवेट लिमिटेड और गेल मैंगलोर पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के निदेशक मंडल में भी सेवाएं दी हैं।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

