
गेल ने छत्तीसगढ़ के लिए की बड़ी डील, ₹220 तक जा सकता है शेयर, रखें नजर
गेल (इंडिया) लिमिटेड ने एक बड़ी डील की है। यह डील उर्वरक उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के साथ की गई है। इस खबर के बीच गेल के शेयर में मंगलवार को मामूली उछाल आया। कई ब्रोकरेज इस शेयर के अभी बढ़ोतरी का अनुमान लगा रहे हैं।
GAIL share price: शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी-गेल (इंडिया) लिमिटेड ने एक बड़ी डील की है। यह डील उर्वरक उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के साथ की गई है। इस खबर के बीच गेल के शेयर में मंगलवार को मामूली उछाल आया। हालांकि, गेल के शेयर में अभी तेजी का अनुमान है।
क्या है डील की डिटेल
गेल (इंडिया) लिमिटेड और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच यह गैर-बाध्यकारी डील है, जिसके तहत गेल राज्य में एक ग्रीनफील्ड गैस आधारित उर्वरक संयंत्र स्थापित करने की संभावनाओं का अध्ययन करेगी। समझौते के मुताबिक गेल 12.7 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाले यूरिया निर्माण संयंत्र के लिए विस्तृत तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता अध्ययन (टेक्नो-इकोनॉमिक स्टडी) करेगी। प्रस्तावित संयंत्र को गेल की मुंबई–नागपुर–झारसुगुड़ा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (एमएनजेपीएल) कॉरिडोर के आसपास रणनीतिक रूप से स्थापित करने की योजना है।
अध्ययन के नतीजों के आधार पर ही इस परियोजना में निवेश को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि इस पर छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार और गेल की ओर से बिजनेस डेवलपमेंट निदेशक राजीव कुमार सिंघल ने हस्ताक्षर किए। छत्तीसगढ़ सरकार प्रोजेक्ट के सभी चरणों में मदद करेगी, जिसमें फिजिबिलिटी स्टडी के लिए सपोर्ट, सही जमीन की पहचान और आवंटन, राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेशन, जरूरी मंजूरियों के लिए सुविधा और प्रोजेक्ट लागू करने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल है।
शेयर का परफॉर्मेंस
गेल (इंडिया) लिमिटेड के शेयर की बात करें तो मामूली बढ़त के साथ 172 रुपये पर है। बीते दिनों नोमुरा इंडिया ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस 214 रुपये किया था। वहीं, JM फाइनेंशियल ने इस PSU के लिए टारगेट प्राइस 205 रुपये कर दिया। मोतीलाल ओसवाल ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस 220 रुपये तय किया है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 202.65 रुपये है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 150.60 रुपये है।





