
768 गुना सब्सक्राइब हुआ था यह IPO, अब बाजार में उतरते ही लगा लोअर सर्किट, ₹84 पर आया शेयर
बीएसई पर कंपनी के शेयर 10 पर्सेंट प्रीमियम के साथ 89 रुपये पर लिस्ट हुए। इसका प्राइस बैंड 81 रुपये था। लिस्टिंग के बाद इसमें 5 पर्सेंट का लोअर सर्किट भी लग गया और यह शेयर 84.55 रुपये पर आ गया
Gabion Technologies India IPO: गैबियन टेक्नोलॉजीज इंडिया के IPO ने शेयर बाजार में जबरदस्त हलचल मचा दी है। नई दिल्ली की इस कंपनी के इश्यू को निवेशकों से इतनी तगड़ी प्रतिक्रिया मिली कि बोली के आखिरी दिन यानी 8 जनवरी को यह IPO कुल मिलाकर 768.13 गुना सब्सक्राइब हो गया था। बाजार में शायद ही कभी ऐसा देखा जाता है कि किसी SME IPO को इतनी भारी डिमांड मिले। तीन दिनों (6 से 8 जनवरी) के दौरान निवेशकों ने कंपनी के 25.77 लाख शेयरों के मुकाबले करीब 197.99 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई, जिसकी कुल वैल्यू करीब ₹16,037 करोड़ बैठती है। हालांकि, इस हिसाब से लिस्टिंग ने काफी निराश किया। बीएसई पर कंपनी के शेयर 10 पर्सेंट प्रीमियम के साथ 89 रुपये पर लिस्ट हुए। इसका प्राइस बैंड 81 रुपये था। लिस्टिंग के बाद इसमें 5 पर्सेंट का लोअर सर्किट भी लग गया और यह शेयर 84.55 रुपये पर आ गया।
किस कैटेगरी से कितना सब्सक्राइब
सब्सक्रिप्शन के आंकड़े हर कैटेगरी में चौंकाने वाले रहे। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा सबसे ज्यादा 1,085.88 गुना भरा, जबकि रिटेल निवेशकों ने भी इसे 867.23 गुना सब्सक्राइब किया। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) का कोटा भी 271.13 गुना भर गया। इस भारी मांग का असर ग्रे मार्केट में भी दिखा, जहां IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब 40% तक पहुंच गया, जो पहले 37% के आसपास था। इससे निवेशकों को लिस्टिंग गेन की उम्मीद और मजबूत होती दिख रही है।
गैबियन टेक्नोलॉजीज ने इस IPO के जरिए ₹29.16 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रखा था। इसके तहत कंपनी ने ₹76–81 प्रति शेयर के प्राइस बैंड पर कुल 36 लाख शेयर जारी किए। IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, प्लांट और मशीनरी की खरीद और बाकी पैसा जनरल कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। IPO का अलॉटमेंट 9 जनवरी को फाइनल होने की उम्मीद है, जबकि कंपनी के शेयर 13 जनवरी से BSE SME प्लेटफॉर्म पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध होंगे।
कंपनी का कारोबार
कंपनी के बिजनेस की बात करें तो गैबियन टेक्नोलॉजीज स्टील वायर मेश गैबियन्स, रॉकफॉल प्रोटेक्शन नेटिंग और जियोसिंथेटिक मटीरियल्स बनाती है। इसका मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पांवटा साहिब, हिमाचल प्रदेश में स्थित है। कंपनी अब तक 76 प्रोजेक्ट्स स्वतंत्र रूप से पूरे कर चुकी है, जिनकी कुल वैल्यू ₹127.6 करोड़ रही है। सड़क, रेलवे, एनर्जी, माइनिंग, डिफेंस और एयरपोर्ट जैसे सेक्टर्स में इसकी मौजूदगी है। फिलहाल कंपनी का ऑर्डर बुक ₹172.47 करोड़ का है, जो इसके भविष्य के बिजनेस को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत करता है। इस IPO में जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स बुक रनिंग लीड मैनेजर की भूमिका में रहे।





