सोना से शेयर बाजार तक... बदल रहा लोगों के निवेश का पैटर्न

Deepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की नई रिसर्च रिपोर्ट बताती है कि लोगों का निवेश पैटर्न बदल गया है। अब बड़ी संख्या में भारतीय परिवार म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

सोना से शेयर बाजार तक... बदल रहा लोगों के निवेश का पैटर्न

आमतौर पर जब भी निवेश की बात होती है तो लोग या तो बैंक में एफडी करवा लेते हैं या फिर सोना और जमीन-जायदाद में पैसा लगा देते हैं। हालांकि, बीते कुछ समय से यह पैटर्न तेजी से बदल रहा है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की नई रिसर्च रिपोर्ट बताती है कि अब बड़ी संख्या में भारतीय परिवार म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। आइए जान लेते हैं कि रिपोर्ट में क्या कुछ कहा गया है।

क्या है रिपोर्ट में?

सेबी की नई रिसर्च रिपोर्ट बताती है कि म्यूचुअल फंड अब लोगों की नियमित बचत का हिस्सा बनते जा रहे हैं। खासतौर पर सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP के जरिए हर महीने निवेश करने की आदत तेजी से बढ़ी है। वित्त वर्ष 2023 में म्यूचुअल फंड में आने वाला निवेश 1.66 लाख करोड़ रुपये था, जो FY25 तक बढ़कर 5.13 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। यह बढ़ोतरी दिखाती है कि अब निवेश केवल बड़े निवेशकों तक सीमित नहीं रहा बल्कि छोटे निवेशक या आम परिवार भी धीरे-धीरे बाजार आधारित निवेश को अपना रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक FY25 में भारतीय परिवारों के पास इक्विटी, म्यूचुअल फंड, डेट प्रोडक्ट्स, REITs और InvITs में कुल 141.3 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति थी।

अकेले इक्विटी का हिस्सा 88.9 लाख करोड़ रुपये था जबकि म्यूचुअल फंड का हिस्सा 44.4 लाख करोड़ रुपये था। आसान शब्दों में कहें तो मार्केट में निवेश अब सिर्फ अनुभवी निवेशकों के एक छोटे से ग्रुप तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह अब काफ़ी ज़्यादा आम होता जा रहा है।

सोना और प्रॉपर्टी पर क्या हैं सकेत?

सोना और प्रॉपर्टी अब बचत के लिए एकमात्र पसंदीदा विकल्प नहीं रह गए हैं। सेबी के अनुसार सोना और रियल एस्टेट जैसी फिजिकल संपत्तियां अभी भी घरेलू बचत का बड़ा हिस्सा हैं लेकिन वित्तीय बचत लगातार बढ़ रही है।

घरेलू बचत में शुद्ध वित्तीय बचत का हिस्सा FY23 में 27 प्रतिशत से बढ़कर FY25 में 33 प्रतिशत हो गया। यह बात पहली बार में शायद बहुत बड़ी न लगे लेकिन यह लोगों के व्यवहार में आ रहे एक धीमे बदलाव की ओर इशारा करती है। अब ज्यादा से ज्यादा परिवार पारंपरिक संपत्तियों पर निर्भर रहने के बजाय बाजार से जुड़े निवेशों को लेकर सहज महसूस कर रहे हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि कोविड महामारी के बाद निवेशकों की संख्या में जबरदस्त उछाल आया है। घरेलू बचत का जो हिस्सा सिक्योरिटीज मार्केट में जा रहा था, वह FY23 के 2.59 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर FY25 में 6.91 लाख करोड़ रुपये हो गया। डिजिटल निवेश ऐप्स, आसान ऑनलाइन KYC और SIP को लेकर बढ़ती जागरूकता ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है। रिपोर्ट का एक अहम निष्कर्ष यह भी है कि भारतीय परिवारों की वास्तविक निवेश भागीदारी पहले के अनुमान से कहीं ज्यादा बड़ी है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,