मुफ्त में LPG सिलेंडर...होली के मौके पर मिलने वाला है बड़ा तोहफा

Feb 15, 2026 03:43 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

होली के मौके पर बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएम-उज्ज्वला) के तहत उत्तर प्रदेश की महिला लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी रिफिल दिया जाएगा, जिससे राज्य भर की 1.86 करोड़ महिलाओं को त्योहारों के दौरान राहत मिलेगी।

मुफ्त में LPG सिलेंडर...होली के मौके पर मिलने वाला है बड़ा तोहफा

होली का त्योहार आने वाला है। इस त्योहारी माहौल में करोड़ों लोगों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा। हालांकि, यह स्कीम दो राज्य- उत्तर प्रदेश और दिल्ली के लोगों के लिए है। इसका लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा जो इससे जुड़े सभी शर्तों को पूरा करते हैं। आइए इसके बारे में विस्तार से जान लेते हैं।

योगी सरकार का होली तोहफा

बता दें कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएम-उज्ज्वला) के तहत उत्तर प्रदेश की महिला लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी रिफिल दिया जाएगा, जिससे राज्य भर की 1.86 करोड़ महिलाओं को त्योहारों के दौरान राहत मिलेगी। योगी सरकार दो चरणों में प्रति वर्ष दो मुफ्त एलपीजी रिफिल देती है। पहले चरण के तहत दिवाली के मौके पर अक्टूबर-दिसंबर 2025 में एलपीजी सिलेंडर दिया गया था। वहीं, दूसरे चरण के तहत जनवरी-मार्च 2026 के महीने में मुफ्त एलपीजी देना है। बीते साल राज्य सरकार ने इसके लिए 1500 करोड़ रुपये अलॉट किए थे।

दिल्ली सरकार का तोहफा

हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा का एक और चुनावी वादा पूरा करने की घोषणा करते हुए होली और दिवाली पर वैध राशन कार्ड धारक परिवारों को मुफ्त में एलपीजी गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है। बीते दिनों दिल्ली कैबिनेट ने एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत के तौर पर 853 रुपये अंतरित करने का फैसला लिया। यह धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के तहत पात्र लाभार्थियों के खातों में डाली जाएगी।

पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले पात्र राशन कार्ड धारकों को भी इसका लाभ मिलेगा। सरकार ने इस मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के तहत 242 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। बता दें कि दिल्ली में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत फिलहाल 853 रुपये है। दिल्ली में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत आने वाले लाभार्थियों को प्रति गैस सिलेंडर 553 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। यह राशि केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी को समायोजित करने के बाद तय की गई है। वहीं, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत नहीं आने वाले राशन कार्डधारक परिवारों को प्रति सिलेंडर 853 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

उज्ज्वला योजना के बारे में

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को मई 2016 में शुरू किया गया था। सरकार ने अगस्त 2021 में उज्ज्वला 2.0 योजना शुरू की , जिसका लक्ष्य 1 करोड़ अतिरिक्त प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना कनेक्शन जारी करना था, जो जनवरी 2022 में हासिल कर लिया गया । इस सफलता के बाद, उज्ज्वला 2.0 के तहत अतिरिक्त 60 लाख एलपीजी कनेक्शन जारी किए गए, जिससे दिसंबर 2022 तक कुल 1.60 करोड़ कनेक्शन हो गए। इसके अलावा, सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 से 2025-26 की अवधि के लिए 75 लाख अतिरिक्त कनेक्शन जारी करने को मंजूरी दी थी, जिसे जुलाई 2024 में सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया था । उज्ज्वला 2.0 के तहत , प्रवासी परिवारों के लिए एक विशेष प्रावधान किया गया था , जिससे उन्हें पते के प्रमाण और राशन कार्ड की आवश्यकता के बजाय स्व-घोषणा के माध्यम से एक नया एलपीजी कनेक्शन प्राप्त करने की अनुमति मिली ।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar
हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,
;;;