HDFC बैंक के मैनेजमेंट में पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त की एंट्री, RBI ने दी मंजूरी
मुख्य बातें
- आरबीआई ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को तीन साल के लिए बैंक के अंशकालिक चेयरमैन के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है
- मौजूदा अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री बैंक के गैर-कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र निदेशक के रूप में बने रहेंगे

प्राइवेट सेक्टर के HDFC बैंक के मैनेजमेंट में एक बड़ा बदलाव होने वाला है। बैंक ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को तीन साल के लिए बैंक के अंशकालिक चेयरमैन के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कुमार की नियुक्ति 15 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी। मौजूदा अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री बैंक के गैर-कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र निदेशक के रूप में बने रहेंगे।
कौन हैं राजीव कुमार?
राजीव कुमार की बात करें तो देश के मुख्य चुनाव आयुक्त और वित्त सचिव रह चुके हैं। उन्होंने 2017-2020 के दौरान वित्तीय सेवा विभाग का सचिव रहते हुए सरकारी बैंकों के री-वाइवल और वित्तीय क्षेत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। बैंक ने बताया कि राजीव कुमार के कार्यकाल के दौरान बैंकिंग प्रणाली में सुधार के लिए भी कई अहम कदम उठाए गए। उनके विभाग में शामिल होने के कुछ ही समय बाद लगभग 3.38 लाख फर्जी कंपनियों के खातों पर रोक लगाई गई, जिससे काले धन के नेटवर्क पर प्रहार हुआ। इसके बाद पोंजी जमा योजनाओं पर भी सख्ती की गई।
बैंक ने कहा कि राजीव कुमार की पहल ने 'दोहरे बही-खाते' की समस्या के समाधान में मदद की और ऋण अनुशासन बहाल करते हुए लेंडर्स और कर्जदार के संबंधों को मजबूत किया। कुमार के कार्यकाल में अवैध वित्तीय गतिविधियों पर कार्रवाई, सहकारी बैंकों की निगरानी को मजबूत करने और बड़े चूक मामलों में जवाबदेही तय करने जैसे कदम उठाए गए। इसके अलावा, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी डाली गई।
इस्तीफे के बाद नियुक्ति
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई जब बैंक के मैनेजमेंट में एक बड़ा इस्तीफा हुआ है। दरअसल, HDFC बैंक के तत्कालीन चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने 18 मार्च को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा था कि पिछले दो साल उन्होंने कुछ ऐसी गतिविधियां देखीं जो उनके निजी नैतिक मूल्यों के अनुरूप नहीं थीं। उन्होंने कहा था कि यही उनके इस्तीफे का कारण है। इसके बाद बैंक ने केकी मिस्त्री को अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किया था। वह 19 मार्च से यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
आपको बता दें कि एचडीएफसी बैंक के शेयरधारकों की वार्षिक आम बैठक 5 अगस्त को होनी है। उसी बैठक में राजीव कुमार की नियुक्ति का प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बैंक के शेयर की बात करें तो बुधवार को यह 815.35 रुपये पर था। यह एक दिन पहले के मुकाबले 0.77% के मामूली बढ़त साथ बंद हुआ।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

