लाइफ इंश्योरेंस का प्रीमियम भरना भूले गए? जानें कितने दिन मिलती है मोहलत और दोबारा कैसे करें चालू

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • Life Insurance Premium: अगर आप लाइफ इंश्योरेंस का प्रीमियम समय पर जमा नहीं कर पाए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है
  • प्रीमियम की तारीख निकलते ही आपकी पॉलिसी तुरंत बंद नहीं होती
  • इंश्योरेंस कंपनियां प्रीमियम जमा करने के लिए कुछ एक्स्ट्रा दिन देती हैं, जिन्हें ग्रेस पीरियड कहा जाता है

LIC Premium
प्रीमियम की तारीख निकलते ही आपकी पॉलिसी तुरंत बंद नहीं होती।

Life Insurance Premium: अगर आप लाइफ इंश्योरेंस का प्रीमियम समय पर जमा नहीं कर पाए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। प्रीमियम की तारीख निकलते ही आपकी पॉलिसी तुरंत बंद नहीं होती। इंश्योरेंस कंपनियां प्रीमियम जमा करने के लिए कुछ एक्स्ट्रा दिन देती हैं, जिन्हें ग्रेस पीरियड कहा जाता है। लेकिन इस पीरियड में भी पेमेंट नहीं किया, तो आपका इंश्योरेंस कवर बंद हो सकता है या मिलने वाले फायदे कम हो सकते हैं। ऐसे में जानिए प्रीमियम भरने में देरी होने पर क्या होता है और बंद पड़ी पॉलिसी को दोबारा कैसे शुरू करा सकते हैं।

प्रीमियम भरने के लिए कितने दिन मिलते हैं?

भारतीय इंश्योरेंस नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) के 2024 के लाइफ इंश्योरेंस प्रोडक्ट सर्कुलर के अनुसार, प्रीमियम जमा करने के लिए ग्रेस पीरियड मिलता है। आम तौर पर मंथली प्रीमियम के लिए 15 दिन और तिमाही, छमाही या सालाना प्रीमियम के लिए 30 दिन की मोहलत दी जाती है।

उदाहरण के लिए अगर आपकी पॉलिसी का मंथली प्रीमियम 1 अक्टूबर 2026 को जमा होना था, लेकिन किसी वजह से आप पेमेंट नहीं कर पाए, तो आपको ग्रेस पीरियड के तहत एक्स्ट्रा समय मिल सकता है। इस दौरान प्रीमियम जमा करने पर पॉलिसी का कवर जारी रहता है। जरूरत पड़ने पर पॉलिसी की शर्तों के अनुसार क्लेम भी किया जा सकता है। इसलिए नौकरी छूटने, पैसों की कमी या किसी दूसरी परेशानी के कारण प्रीमियम भरने में देरी हो जाए, तो सबसे पहले ग्रेस पीरियड की आखिरी तारीख जरूर चेक कर लें।

ग्रेस पीरियड खत्म होने पर क्या होगा?

अगर तय समय के बाद भी प्रीमियम जमा नहीं किया जाता, तो पॉलिसी का स्टेटस बदल जाता है। टर्म इंश्योरेंस जैसी पॉलिसी लैप्स हो सकती है। ऐसी स्थिति में लाइफ इंश्योरेंस का कवर समाप्त हो सकता है। हालांकि, हर पॉलिसी में ऐसा ही हो, यह जरूरी नहीं है। जिन पॉलिसियों में सरेंडर वैल्यू बन चुकी होती है, वह कुछ शर्तों के तहत कम इंश्योरेंस अमाउंट के साथ जारी रह सकती हैं। इसे रिड्यूस्ड पेड-अप पॉलिसी कहा जाता है। इसमें पहले के मुकाबले कम इंश्योरेंस अमाउंट या कम फायदे मिल सकते हैं। ULIP पॉलिसियों के लिए भी अलग नियम होते हैं।

बंद हो गई पॉलिसी तो कैसे करें चालू?

इंश्योरेंस कंपनी से संपर्क करें - पता करें कि आपकी पॉलिसी को दोबारा चालू कराने की समय सीमा क्या है।

बकाया प्रीमियम भरें - कंपनी की शर्तों के अनुसार बकाया प्रीमियम के साथ ब्याज या एक्स्ट्रा शुल्क देना पड़ सकता है।

स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दें - इंश्योरेंस कंपनी मेडिकल जांच या स्वास्थ्य से जुड़ी एक्स्ट्रा जानकारी मांग सकती है।

लिखित पुष्टि लें - केवल पैसे जमा करने से पॉलिसी अपने आप चालू नहीं होती। कंपनी से पॉलिसी दोबारा सक्रिय होने की तारीख की लिखित पुष्टि जरूर लें।

प्रीमियम भरने में न करें यह गलती

पॉलिसी लैप्स होने के दौरान आपकी सेहत या नौकरी से जुड़ी परिस्थितियों में बदलाव हुआ है, तो रीवाइवल के समय इसकी सही जानकारी दें। जरूरी जानकारी छिपाने से पॉलिसी दोबारा चालू कराने या भविष्य में क्लेम मिलने में परेशानी हो सकती है।

Sheetal

लेखक के बारे में

Sheetal
शीतल को पत्रकारिता में 15 सालों का अनुभव है। पर्सलन फाइनेंस, गोल्ड, सिल्वर, कारोबारी सफर और स्टार्टअप की खबरें लिखती हैं। अमर उजाला से अपने करियर की शुरुआत की। अब तक इकोनॉमिक टाइम्स हिंदी, भास्कर, लाइव हिन्दुस्तान और मनीकंट्रोल हिंदी (Network18) में काम किया है। अब लाइव हिन्दुस्तान में बतौर असिस्टेंट एडिटर खबरें आप तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़इंश्योरेंस प्रीमियम भूल गए? जानें कितनी मिलती है मोहलत!