CEO की गिरफ्तारी के बाद अब ईडी से जांच की सिफारिश… भरभराया यह चर्चित शेयर

Deepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

Fino Payments Bank share: पिछले दो कारोबारी दिनों में, इस वित्तीय कंपनी के शेयर की कीमत 25 प्रतिशत गिर गई है। वहीं, पिछले सात कारोबारी दिनों में फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर का बाजार मूल्य 33 प्रतिशत गिर गया है।

CEO की गिरफ्तारी के बाद अब ईडी से जांच की सिफारिश… भरभराया यह चर्चित शेयर

Fino Payments Bank share: सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार गुलजार रहा। मंगलवार को आई इस तेजी के बीच कुछ शेयरों में भारी गिरावट देखी गई। फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर मंगलवार को भारी वॉल्यूम के बीच बीएसई पर 19 प्रतिशत गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर ₹113.55 पर पहुंच गए। यह शेयर का ऑल टाइम लो भी है। पिछले दो कारोबारी दिनों में, इस वित्तीय कंपनी के शेयर की कीमत 25 प्रतिशत गिर गई है। वहीं, पिछले सात कारोबारी दिनों में फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर का बाजार मूल्य 33 प्रतिशत गिर गया है।

क्या है मामला?

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) मनी लॉन्ड्रिंग के संदिग्ध मामलों को लेकर बैंक से जुड़े कुछ ऑनलाइन गेमिंग लेनदेन की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच की सिफारिश कर सकता है। हालांकि, बैंक ने सट्टेबाजी या जुए की गतिविधियों में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। बैंक ने आगे स्पष्ट किया कि डीजीजीआई द्वारा की जा रही जांच फिनो सहित कई बैंकों से जुड़े कुछ प्रोग्राम मैनेजरों और व्यापारियों से संबंधित है, और इसका बैंक के जीएसटी अनुपालन से कोई संबंध नहीं है। फिनो ने यह भी कहा कि मीडिया में आई वे खबरें जिनमें दावा किया गया था कि अदालत ने इस मामले में जमानत याचिका खारिज कर दी है, पूरी तरह गलत हैं। बैंक वर्तमान में इस मामले में हैदराबाद स्थित जीएसटी खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) के अलावा किसी अन्य प्राधिकरण द्वारा किसी भी जांच के दायरे में नहीं है।

एमडी की गिरफ्तारी

बता दें कि 27 फरवरी को जीएसटी अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित कानून का उल्लंघन करने के आरोप में बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ऋषि गुप्ता को गिरफ्तार किया है। फिनो पेमेंट्स बैंक के सीईओ को सीजीएसटी (केंद्रीय माल एवं सेवा कर) और एसजीएसटी (राज्य माल एवं सेवा कर) अधिनियम, 2017 की धारा 132(1)(ए) और 132(1)(आई) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।

बैंक की सफाई

गिरफ्तारी पर बैंक ने पल्ला झाड़ लिया था। बीते दिनों फिनो पेमेंट्स बैंक ने कहा- बैंक और उसके अधिकारियों का संबंधित प्रोग्राम मैनेजरों के कथित कारोबार या गतिविधियों से कोई लेना-देना नहीं है। बैंक ने कहा- व्यापारियों को साथ जोड़ने की प्रक्रिया नियामकीय दिशानिर्देशों के अनुरूप है और इसे संबंधित कारोबारी टीमों द्वारा किया जाता है, न कि एमडी एवं सीईओ द्वारा। ऑनबोर्डिंग की एक शर्त यह भी है कि उस व्यापारी का किसी अन्य बैंक के साथ पहले से बैंकिंग संबंध हो, ताकि यूपीआई लेनदेन सुगम हो सके। बैंक ने यह भी कहा कि उसने कोई फर्जी चालान जारी नहीं किया है और सेवाओं के उपयोग के आधार पर सभी चालान जारी किए गए हैं। साथ ही, वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (वीपीए) के उपयोग की निगरानी के लिए मजबूत जोखिम प्रबंधन ढांचा भी मौजूद है।

बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने फिनो पेमेंट्स को लुघ वित्त बैंक में बदलने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 18 महीने की समयसीमा दी है। प्रबंधन ने कहा कि वह निर्धारित अवधि से पहले यह प्रक्रिया पूरी करने की उम्मीद करता है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,