Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़FinMin renews merger proposal of state owned general insurance companies check detail
बीमा सेक्टर में बड़े मर्जर की तैयारी! इन कंपनियों का हो सकता है विलय

बीमा सेक्टर में बड़े मर्जर की तैयारी! इन कंपनियों का हो सकता है विलय

संक्षेप:

वित्त मंत्रालय तीन पब्लिक सेक्टर की सामान्य बीमा कंपनियों - ओरिएंटल इंश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस को एक ही यूनिट में विलय करने के पुराने प्रस्ताव पर दोबारा विचार कर रहा है।

Nov 23, 2025 04:50 pm ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

सरकारी सामान्य बीमा क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी फिर तेज हो गई है। वित्त मंत्रालय तीन पब्लिक सेक्टर की सामान्य बीमा कंपनियों - ओरिएंटल इंश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस को एक ही यूनिट में विलय करने के पुराने प्रस्ताव पर दोबारा विचार कर रहा है। यह कदम इन कंपनियों की वित्तीय स्थिति में आए सुधार और परिचालन दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से देखा जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वित्तीय सुधारों के बाद फिर उठा ‘विलय’ का मुद्दा

सरकार ने 2019-20 से 2021-22 के बीच इन तीनों कंपनियों को वित्तीय संकट से उबारने के लिए कुल ₹17,450 करोड़ की पूंजी सहायता दी थी। इन कंपनियों की हालत कमजोर होने के कारण सरकार ने 2020 में इनका विलय छोड़कर तत्काल ₹12,450 करोड़ की अतिरिक्त पूंजी डालने का निर्णय लिया था। अब जब इन कंपनियों की आर्थिक स्थिति बेहतर हो चुकी है, वित्त मंत्रालय प्राथमिक मूल्यांकन कर रहा है कि विलय से किस तरह बड़े पैमाने पर परिचालन दक्षता, लागत में कमी और बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता हासिल की जा सकती है।

निजीकरण का प्रस्ताव अभी भी विचाराधीन

सूत्रों के अनुसार, सरकार द्वारा पहले घोषित किए गए एक सामान्य बीमा कंपनी के निजीकरण के प्रस्ताव पर भी काम जारी है। हालांकि, अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और सरकार सभी संभावित विकल्पों की जांच कर रही है।

निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के लिए कानून में बदलाव

2021-22 के बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बड़े पैमाने पर निजीकरण की घोषणा की थी, जिसमें दो सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एक सामान्य बीमा कंपनी के निजीकरण की बात शामिल थी। इसके तहत संसद ने अगस्त 2021 में जनरल इंश्योरेंस बिजनेस (नेशनलाइजेशन) संशोधन अधिनियम, 2021 को मंजूरी दी। इस संशोधन ने बीमा कंपनियों में सरकार की न्यूनतम 51% हिस्सेदारी रखने की अनिवार्यता समाप्त कर दी। इससे सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों में निजी निवेश बढ़ाने और बीमा कवरेज का विस्तार करने का रास्ता साफ हुआ।

FDI सीमा 74% से बढ़ाकर 100% करने का प्रस्ताव

बीमा क्षेत्र में विदेशी निवेश को आकर्षित करने और नए वैश्विक खिलाड़ियों को भारत के बीमा बाजार में प्रवेश का अवसर देने के लिए सरकार आगामी शीतकालीन सत्र में FDI सीमा 74% से बढ़ाकर 100% करने का विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। सरकार का मानना है कि बीमा क्षेत्र में विदेशी पूंजी और तकनीक के आने से बीमा की पहुंच बढ़ेगी और लोगों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा मिल सकेगी। संसद का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा और इसमें कुल 15 कार्य दिवस होंगे। इसी सत्र में FDI बढ़ाने वाला विधेयक पेश होने की उम्मीद है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak
वर्षा पाठक बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर करीब 2 साल से हिन्दुस्तान डिजिटल से जुड़ी हुई हैं। मूल रूप से मधुबनी (बिहार) की रहने वाली वर्षा लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें बिजनेस सेक्शन के अलग-अलग जॉनर की खबरों की समझ है। इसमें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी आदि शामिल हैं। करीब 7 साल से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय वर्षा ने यहां से पहले दैनिक भास्कर और नेटवर्क 18 में बतौर कंटेंट राइटर काम किया है। उन्हें रिपोर्टिंग का भी अनुभव है। करियर की छोटी अवधि में ही वर्षा के काम की ना सिर्फ सराहना हुई है बल्कि सम्मानित भी किया गया है। वर्षा ने जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता में डिप्लोमा की डिग्री ली। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।