
रेखा झुनझुनवाला ने इस बैंक पर बढ़ाया दांव, नई ऊंचाई पर पहुंचे शेयर, 245 रुपये के पार शेयर का दाम
संक्षेप: फेडरल बैंक के शेयर मंगलवार को 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। फेडरल बैंक के शेयर 3% से ज्यादा चढ़कर 246.55 रुपये पर जा पहुंचे हैं। दो महीने में बैंक के शेयरों में 24% से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है। रेखा झुनझुनवाला का बैंक पर बड़ा दांव है।
फेडरल बैंक के शेयर 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। फेडरल बैंक के शेयर मंगलवार को BSE में 3 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 246.55 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले दो महीने में फेडरल बैंक के शेयरों में 24 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस प्राइवेट बैंक के शेयर 320 रुपये तक जा सकते हैं। दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला ने भी फेडरल बैंक पर अपना दांव बढ़ाया है। फेडरल बैंक के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 172.95 रुपये है।

320 रुपये तक जा सकते हैं बैंक के शेयर
फोर्ट कैपिटल के सीनियर फंड मैनेजर पराग ठक्कर का फेडरल बैंक पर बुलिश आउटलुक है। उनका अनुमान है कि फेडरल बैंक के शेयर अगले साल तक 300-320 रुपये तक जा सकते हैं। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है। फेडरल बैंक ने पिछले दिनों घोषणा की थी कि ब्लैकस्टोन, बैंक में करीब 705 मिलियन का निवेश करेगा। ब्लैकस्टोन, फेडरल बैंक में 9.9 पर्सेंट हिस्सेदारी लेगा। इस डील के साथ ही इंटरनेशनल प्राइवेट इक्विटी फर्म बैंक में सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बन जाएगी। प्राइवेट सेक्टर के फेडरल बैंक का मार्केट कैप मंगलवार को 60,500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
रेखा झुनझुनवाला के पास हैं 5 करोड़ से ज्यादा शेयर
दिग्गज निवेशक रेखा झुनझुनवाला का प्राइवेट सेक्टर के फेडरल बैंक (Federal Bank) पर बड़ा दांव है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के डेटा के मुताबिक, रेखा झुनझुनवाला के पास फेडरल बैंक के 59,030,060 शेयर हैं। फेडरल बैंक में झुनझुनवाला की 2.42 पर्सेंट हिस्सेदारी है। शेयरहोल्डिंग का यह डेटा सितंबर 2025 तिमाही तक का है। जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही के दौरान फेडरल बैंक में रेखा झुनझुनवाला की हिस्सेदारी बढ़ी है। इससे पहले, जून 2025 तिमाही में रेखा झुनझुनवाला के पास फेडरल बैंक के 36,030,060 शेयर थे। यानी, बैंक में दिग्गज निवेशक की हिस्सेदारी 1.48 पर्सेंट थी।





