
1 फरवरी को रविवार लेकिन शेयर बाजार में होगी ट्रेडिंग, BSE और NSE का आया सर्कुलर
आगामी एक फरवरी को रविवार के दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण यूनियन बजट पेश करेंगी। अब स्टॉक एक्सचेंज- BSE और NSE दोनों ने अलग-अलग सर्कुलर जारी कर घोषणा की कि वे बजट के दिन लाइव ट्रेडिंग सेशन करेंगे। ट्रेडिंग की टाइमिंग वही रहेगी।
आगामी एक फरवरी को साप्ताहिक अवकाश रविवार होने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में ट्रेडिंग होगी। स्टॉक एक्सचेंज BSE और NSE ने 1 फरवरी को इक्विटी मार्केट को ट्रेडिंग के लिए खुला रखने का फैसला किया है। दरअसल, इस दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण यूनियन बजट पेश करेंगी। BSE और NSE दोनों ने अलग-अलग सर्कुलर जारी कर घोषणा की कि वे बजट के दिन लाइव ट्रेडिंग सेशन करेंगे। ट्रेडिंग की टाइमिंग वही रहेगी। मतलब ये हुआ कि प्री-ओपन मार्केट सुबह 9 बजे से 9:08 बजे तक खुलेगा जबकि नॉर्मल ट्रेडिंग सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी।
साप्ताहिक अवकाश का दिन है रविवार
भारतीय शेयर बाजार के लिए शनिवार और रविवार का दिन साप्ताहिक अवकाश का होता है। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में शनिवार या रविवार को शेयर बाजार में ट्रेडिंग होती है। शायद यह हाल के समय में पहली बार होगा कि दलाल स्ट्रीट पर रविवार को ट्रेडिंग होगी। यह भी 2000 के बाद पहली बार है कि केंद्रीय बजट संसद में रविवार को पेश किया जाएगा। इससे पहले 2025 में निर्मला सीतारमण ने शनिवार को बजट पेश किया था।
साल 2026 में कब-कब बंद है बाजार
15 जनवरी को बीएमसी चुनाव की वजह से बाजार में ट्रेडिंग नहीं हुई थी। अब 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 3 मार्च को होली, 26 मार्च को रामनवमी की वजह से वर्किंग डे होने के बावजूद बाजार बंद रहेंगे। इसके अलावा, 31 मार्च को महावीर जयंति, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डॉक्टर बाबा साहेब आंबडेकर जयंति की वजह से बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। एक मई को महाराष्ट्र दिवस, 28 मई को बकरीद, 26 जून को मुहर्रम, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर को गांधी जयंति, 20 अक्टूबर को दशहरा की वजह से बाजार बंद रहेंगे। 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर को प्रकाश गुरुपर्व और 25 दिसंबर को क्रिसमस की वजह से बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी।





