500 ग्राम का घिया, रोज ₹50 हजार की कमाई! किसान ने खोजा कमाई का नया तरीका
मुख्य बातें
- क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ 500 ग्राम का घिया भी लाखों की कमाई का रास्ता खोल सकता है? एक किसान ने खेती में यही छोटा सा बदलाव किया और पारंपरिक तरीके से हटकर घिया को खास आकार में तैयार करना शुरू किया

क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ 500 ग्राम का घिया भी लाखों की कमाई का रास्ता खोल सकता है? एक किसान ने खेती में यही छोटा सा बदलाव किया और पारंपरिक तरीके से हटकर घिया को खास आकार में तैयार करना शुरू किया। सीजन में वह रोज करीब 1 टन घिया बेचते हैं, जिससे करीब 50,000 रुपये की रोजाना सेल होती है। खास बात यह है कि इस घिया की मांग भारत से बाहर भी है। यह कहानी बताती है कि अगर किसान खेती में सिर्फ ज्यादा उत्पादन ही नहीं, बल्कि बाजार की मांग समझकर फसल तैयार करता है तो कमाई बढ़ाने का स्मार्ट तरीका बन सकता है।
बड़ी सब्जी नहीं, छोटे घिये में मिला बड़ा मौका
यह कहानी है किसान करिगौड़ा की.. जो खेती को सिर्फ पारंपरिक तरीके से करने के बजाय बाजार की मांग के हिसाब से फसल तैयार करने का प्रयोग करने लगे। बेंगलुरु अर्बन जिले के कार्लापुरा पाल्या में 3.5 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। वह करीब 500 ग्राम वजन वाले छोटे घिया उगाते हैं, जिनकी खास बाजार में मांग है। उनके परिवार में खेती पहले से होती थी। परिवार पारंपरिक तौर पर मक्का, टमाटर और बैंगन जैसी फसलें उगाता था, लेकिन सही कीमत नहीं मिलने की समस्या बनी रहती थी। करिगौड़ा ने सोचा कि क्यों न ऐसी फसल उगाई जाए जिसकी मांग किसी खास बाजार में हो। इसी तलाश में उन्हें बेबी बॉटल गॉर्ड यानी छोटी लौकी की खेती का आइडिया मिला। खास बात यह है कि वह लौकी को सामान्य आकार में बड़ा होने का इंतजार नहीं करते। करीब 500 ग्राम वजन होने पर ही उसकी तुड़ाई कर ली जाती है। यही इस खेती की सबसे बड़ी खासियत है।
रोज 1 टन फसल, 50 हजार रुपये की सेल
करिगौड़ा के मुताबिक सितंबर से दिसंबर तक चलने वाले सीजन में वह रोज करीब 1 टन बेबी बॉटल गॉर्ड की तुड़ाई करते हैं। इसे करीब 50 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचा जाता है। इस हिसाब से एक दिन की फसल की बिक्री करीब 50,000 रुपये बैठती है। 90 दिन के पूरे हार्वेस्टिंग सीजन में यह आंकड़ा करीब 45 लाख रुपये की ग्रॉस बिक्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है। 45 लाख रुपये कमाई यानी शुद्ध मुनाफा नहीं है। बीज, मजदूरी, खाद, सिंचाई, खेती, तुड़ाई, पैकिंग और दूसरे खर्च निकालने के बाद ही असली मुनाफा पता चलेगा।
विदेशी खरीदारों तक पहुंचाने का काम ब्रोकर का
करिगौड़ा को अपनी फसल बेचने के लिए खुद विदेश में ग्राहक तलाशने या एक्सपोर्ट का पूरा सिस्टम संभालने की जरूरत नहीं पड़ती। ब्रोकर खेत से ही फसल खरीदते हैं और इसे विदेशी खरीदारों तक पहुंचाते हैं। इससे किसान का फोकस खेती और खरीदार की जरूरत के मुताबिक फसल तैयार करने पर रहता है।
70 दिन में शुरू हो जाती है तुड़ाई
इस फसल की खेती आमतौर पर जून-जुलाई में शुरू होती है। बुवाई के करीब 70 दिन बाद सितंबर में पहली तुड़ाई शुरू हो जाती है। इसके बाद दिसंबर तक फसल ली जाती है। करिगौड़ा Swikar 045 F1 किस्म की बॉटल गॉर्ड का इस्तेमाल करते हैं। खेती में ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग और बेहतर मशीनों जैसी तकनीकों ने भी उनके लिए काम आसान किया।
एक ही फसल पर निर्भर नहीं
करिगौड़ा की रणनीति की एक और खास बात है कि वह सिर्फ एक फसल के भरोसे नहीं हैं। बेबी बॉटल गॉर्ड के अलावा वह बैंगन और टमाटर भी उगाते हैं। उनका बैंगन तमिलनाडु के होसुर बाजार में करीब 45 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिकता है।


