प्याज के दाम कम होने की उम्मीद बढ़ी, जानें क्या कर रही मोदी सरकार?

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • Onion Price: प्याज की कीमतें एक साल में लगभग दोगुनी होचुकी हैं
  • राहतभरी खबर यह है कि अक्टूबर के अंत से बाजार इसकी सप्लाई बढ़ सकती है
  • वहीं, केंद्र सरकार ने 123 शहरों में बफर स्टॉक से बिक्री का दायरा भी बढ़ाया दिया है

onion prices
महंगे प्याज से परेशान लोगों को आने वाले हफ्तों में राहत मिल सकती है।

महंगे प्याज से परेशान लोगों को आने वाले हफ्तों में राहत मिल सकती है। खरीफ की नई फसल की आवक बढ़ने और पुराने स्टॉक की उपलब्धता से बाजार में प्याज की सप्लाई बेहतर होने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने भी कीमतों पर लगाम लगाने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री बढ़ा दी है। हालांकि, फिलहाल खुदरा बाजार में प्याज की कीमतें पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुनी बनी हुई हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 अक्टूबर को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत 52.99 रुपये प्रति किलो रही। एक साल पहले इसी अवधि में यह कीमत 26.65 रुपये प्रति किलो थी। सालाना आधार पर प्याज की औसत खुदरा दाम में करीब 99 प्रतिशत यानी करीब दोगुने की बढ़ोतरी हुई है।

एक महीने में कीमतों में मामूली गिरावट

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, प्याज की औसत खुदरा कीमत 10 सितंबर के आसपास 53.10 रुपये प्रति किलो थी, जो 10 अक्टूबर को मामूली घटकर 52.99 रुपये प्रति किलो रह गई। इससे साफ है कि थोक बाजार में सप्लाई में सुधार के संकेत मिलने के बावजूद खुदरा बाजार में इसका लाभ अभी उपभोक्ताओं तक सीमित रूप में ही पहुंचा है।

थोक बाजार में प्याज की औसत कीमत 4,591 रुपये प्रति क्विंटल रही। यह एक महीने पहले की तुलना में 2.4 प्रतिशत और एक साल पहले के मुकाबले 123.3 प्रतिशत अधिक है।

महाराष्ट्र से बढ़ेगी प्याज की सप्लाई

प्याज की कीमतों में संभावित राहत की प्रमुख वजह महाराष्ट्र और दूसरे उत्पादक राज्यों से नई फसल की आवक बढ़ना है। कारोबारियों को उम्मीद है कि नवंबर तक बाजार में प्याज की उपलब्धता बेहतर होगी।

कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से सप्लाई नवंबर के अंत तक जारी रहने की उम्मीद है। महाराष्ट्र की शुरुआती खरीफ फसल की आवक अक्टूबर के अंत तक थोड़ी मात्रा में शुरू हो सकती है। इसके बाद आवक बढ़ने से बाजार में उपलब्धता को सहारा मिलने की संभावना है।

पुराने प्याज का पर्याप्त स्टॉक

महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में पुराने प्याज का पर्याप्त स्टॉक होने की बात भी सामने आई है। इससे नवंबर के तीसरे सप्ताह तक मांग पूरी करने में मदद मिल सकती है। वहीं, राजस्थान के अलवर क्षेत्र से प्याज की आपूर्ति बढ़ने पर उत्तर भारत की महाराष्ट्र पर निर्भरता भी कम हो सकती है।

सरकार ने 123 शहरों में बढ़ाई बिक्री

प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री का दायरा बढ़ाकर 123 शहरों तक कर दिया है। सरकार के 7 अक्टूबर के बयान के अनुसार, खरीफ प्याज का रकबा पिछले साल की तुलना में करीब 5 प्रतिशत अधिक रहने का अनुमान है।

सरकार ने बफर स्टॉक से प्याज को बाजार में उतारने के लिए परिवहन और वितरण व्यवस्था भी मजबूत की है। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने पर बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखना और कीमतों में तेज उछाल को रोकना है।

हालांकि, सरकारी स्टॉक से प्याज उपलब्ध कराने के बावजूद खुदरा कीमतों में अब तक बड़ी गिरावट नहीं आई है। इसकी एक वजह यह भी है कि थोक बाजार में कीमतों में बदलाव का असर खुदरा बाजार तक पहुंचने में समय लग सकता है।

आम लोगों को कब तक मिलेगी राहत?

आने वाले हफ्तों में प्याज की कीमतों की दिशा मुख्य रूप से नई फसल की आवक, पुराने स्टॉक की उपलब्धता और सरकारी बिक्री के असर पर निर्भर करेगी। यदि महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से सप्लाई उम्मीद के मुताबिक बढ़ती है, तो अक्टूबर के अंत से नवंबर के दौरान कीमतों पर दबाव कम हो सकता है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़प्याज के दाम कम होने की उम्मीद बढ़ी, जानें क्या कर रही मोदी सरकार?