
IPO खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में दहाड़ रहा यह शेयर, अभी से 25% पहुंच गया फायदा
IPO खुलने से पहले ही एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के शेयर ग्रे मार्केट में दहाड़ रहे हैं। कंपनी के शेयर अभी से ग्रे मार्केट में 25% के प्रीमियम पर पहुंच गए हैं। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 120 रुपये है।
एक और IPO दांव लगाने के लिए खुलने जा रहा है। यह एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज का आईपीओ है। कंपनी का आईपीओ बुधवार 19 नवंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है। आईपीओ खुलने से पहले ही एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के शेयर ग्रे मार्केट में दहाड़ रहे हैं। कंपनी के शेयर अभी से ग्रे मार्केट में 25 पर्सेंट के प्रीमियम पर पहुंच गए हैं। एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज का आईपीओ दांव लगाने के लिए 21 नवंबर तक खुला रहेगा। कंपनी के पब्लिक इश्यू का टोटल साइज 500 करोड़ रुपये तक का है। एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के शेयर BSE और NSE दोनों प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे।
150 रुपये के करीब लिस्ट हो सकते हैं कंपनी के शेयर
एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में शेयर का दाम 120 रुपये है। कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में अभी से 30 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो कंपनी के शेयर 150 रुपये के करीब बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। यानी, मौजूदा जीएमपी के हिसाब से निवेशकों को लिस्टिंग पर 25 पर्सेंट का फायदा हो सकता है। एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के शेयर बुधवार 26 नवंबर 2025 को बाजार में लिस्ट होंगे।
अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकेंगे आम निवेशक
एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकेंगे। आईपीओ की एक लॉट में 125 शेयर हैं। यानी, आम निवेशकों को एक लॉट के लिए 15000 रुपये का निवेश करना होगा। एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के प्रमोटर पेदांता टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, धनंजय सुधन्वा, लाजवंती सुधन्वा और श्रुति सुधन्वा हैं। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 94.60 पर्सेंट है, जो कि अब 59.09 पर्सेंट रह जाएगी।
कंपनी का कारोबार
एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज (Excelsoft Technologies) की शुरुआत साल 2000 में हुई है। एक्सेलसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज एक ग्लोबल वर्टिकल SaaS कंपनी है, लर्निंग और एसेसमेंट मार्केट में इसकी महारत है। कंपनी AI-पावर्ड एप्लीकेशंस, टेस्ट एंड असेसमेंट प्लेटफॉर्म्स, ऑनलाइन प्राक्टरिंग सॉल्यूशंस, लर्निंग एक्सपीरियंस प्लेटफॉर्म्स, स्टूडेंड सक्सेस प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल ईबुक प्लेटफॉर्म्स उपलब्ध कराती है।





