विजय केडिया ने खरीदे इस कंपनी के 358500 और शेयर, 5 दिन में 67% की तूफानी तेजी
मुख्य बातें
- एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर सोमवार को 14% से अधिक की तेजी के साथ 596.95 रुपये पर पहुंच गए हैं
- 5 दिन में कंपनी के शेयरों में 67 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है
- दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने कंपनी के और शेयर खरीदे हैं

टेक्नोलॉजी सर्विसेज इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से तूफानी तेजी देखने को मिल रही है। कंपनी के शेयर सोमवार को BSE में 14 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 596.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयरों में 5 दिन में 67 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों ने सोमवार को अपना 52 हफ्ते का नया हाई भी बनाया है। दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने एक्साटो टेक्नोलॉजीज के और शेयर खरीदकर कंपनी पर अपना दांव बढ़ाया है।
विजय केडिया ने खरीदे कंपनी के और 358500 शेयर
शेयर बाजार के दिग्गज इनवेस्टर विजय केडिया के मालिकाना हक वाली इनवेस्टमेंट इकाई केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड ने एक्साटो टेक्नोलॉजीज के 358500 शेयर खरीदे हैं, जो कि कंपनी में 3.56 पर्सेंट हिस्सेदारी के बराबर है। इतने शेयर और खरीदने के बाद केडिया सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड और पर्सन्स एक्टिंग इन कन्सर्ट (PACs) के पास शेयरों की संख्या बढ़कर 9,74,293 पहुंच गई है, जो कि कंपनी में 9.68 पर्सेंट हिस्सेदारी के बराबर है। पर्सन्स एक्टिंग इन कन्सर्ट (PACs) में विजय केडिया और नीलू प्रतीक केडिया शामिल हैं।
5 दिन में 67% उछल गए हैं स्मॉलकैप कंपनी के शेयर
IT सर्विसेज इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी एक्साटो टेक्नोलॉजीज (Exato Technologies) के शेयर 5 दिन में 67 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयर 7 जुलाई 2026 को 355 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 13 जुलाई 2026 को 596.95 रुपये पर जा पहुंचे हैं। अगर पिछले 6 महीने की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 71 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। इस साल अब तक एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर 73 पर्सेंट से ज्यादा उछल गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 596.95 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 266 रुपये है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज का मार्केट कैप सोमवार 13 जुलाई को 589 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
IPO प्राइस से 325% उछल गए हैं कंपनी के शेयर
एक्साटो टेक्नोलॉजीज (Exato Technologies) के आईपीओ में शेयर का दाम 140 रुपये था। कंपनी के शेयर 13 जुलाई 2026 को 596.95 रुपये पर जा पहुंचे हैं। IPO प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 325 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयरों में यह तेजी 7 महीने से कुछ ज्यादा समय में आई है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज का आईपीओ दांव लगाने के लिए 28 नवंबर 2025 को खुला था और यह 2 दिसंबर तक ओपन रहा। कंपनी के शेयर 5 दिसंबर 2025 को बाजार में लिस्ट हुए हैं।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


