
लिस्टिंग पर क्या दोगुना होगा पैसा? 126% चल रहा है GMP, आईपीओ पर 947 गुना लगा दांव
एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर शुक्रवार 5 दिसंबर को बाजार में लिस्ट होंगे। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 140 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 177 रुपये या 126.43% के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।
एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर ग्रे मार्केट में धमाल मचाए हुए हैं। कंपनी के शेयरों के लिए अब असल परीक्षा की घड़ी आ गई है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर शुक्रवार 5 दिसंबर को बाजार में लिस्ट होने हैं। बड़े सवाल यही हैं कि क्या एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर लिस्टिंग पर भी ग्रे मार्केट जैसा दमदार परफॉर्मेंस दिखा पाएंगे? क्या कंपनी के शेयर पहले ही दिन निवेशकों का पैसा दोगुना कर पाएंगे? मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो जिन निवेशकों को आईपीओ में कंपनी के शेयर मिले हैं, उन्हें लिस्टिंग पर तगड़े फायदे की उम्मीद दिख रही है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर गुरुवार को दोपहर 3 बजे 126 पर्सेंट से ज्यादा के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं।
IPO में 140 रुपये का शेयर, 177 रुपये पहुंच गया GMP
एक्साटो टेक्नोलॉजीज (Exato Technologies) के आईपीओ में शेयर का दाम 140 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 177 रुपये या 126.43 पर्सेंट के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के शेयर शुक्रवार को BSE के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे। कंपनी के IPO का टोटल साइज 37.45 करोड़ रुपये तक का था। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 75.85 पर्सेंट थी, जो कि अब 54.73 पर्सेंट रह गई है। अपूर्व के सिन्हा और स्वाति सिन्हा कंपनी के प्रमोटर्स हैं। एक्साटो टेक्नोलॉजीज की शुरुआत साल 2016 में हुई है। एक्साटो टेक्नोलॉजीज लिमिटेड एक कस्टमर ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनर है जो कि तकनीक आधारित सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है।
IPO में लगा 947 गुना से ज्यादा दांव
एक्साटो टेक्नोलॉजीज (Exato Technologies) का आईपीओ टोटल 947.21 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों (रिटेल इनवेस्टर्स) का कोटा 1068.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी में 1488.72 गुना दांव लगा था। एक्साटो टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 327.08 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ के 2 लॉट में 2000 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को आईपीओ में कम से कम 2,80,000 रुपये का निवेश करना पड़ा।





