Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़eternal brand zomato agrees to share customer data with restaurants NRAI hopes swiggy will follow suit
जोमैटो का बड़ा फैसला, रेस्टोरेंट्स को ग्राहक का डेटा साझा करेगी कंपनी

जोमैटो का बड़ा फैसला, रेस्टोरेंट्स को ग्राहक का डेटा साझा करेगी कंपनी

संक्षेप:

इटरनल के स्वामित्व वाले फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने रेस्टोरेंट उद्योग की प्रमुख मांग मानते हुए अब ग्राहकों का डेटा रेस्टोरेंट्स के साथ साझा करने के लिए सहमति दे दी है। इटरनल के शेयर की बात करें तो गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ 307 रुपये पर बंद हुआ।

Nov 20, 2025 06:57 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Eternal share price: इटरनल का फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो, रेस्टोरेंट्स के साथ ग्राहकों का डेटा साझा करने के लिए सहमत हो गया है। यह बदलाव एग्रीगेटर कंपनियों और रेस्टोरेंट कारोबारियों के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। हालांकि डेटा तभी साझा किया जाएगा जब ग्राहक इसकी अनुमति देंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

क्या-क्या होगा डेटा में?

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के अनुसार जोमैटो ऐप पर आज से यूजर्स को एक पॉप-अप दिखना शुरू होगा, जिसमें पूछा जाएगा कि क्या वे रेस्टोरेंट्स को प्रमोशनल गतिविधियों के लिए संपर्क करने की अनुमति देते हैं। इस सहमति में नाम, लोकेशन और ऑर्डरिंग व्यवहार जैसी जानकारी शामिल होगी, जिससे रेस्टोरेंट्स ग्राहक की पसंद और पैटर्न को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। हालांकि, डेटा-साझाकरण प्रक्रिया अभी आधिकारिक रूप से शुरू नहीं हुई है। जोमैटो इस व्यवस्था को औपचारिक रूप देने पर काम कर रहा है।

स्विगी से भी होगी बात

दूसरी ओर, NRAI जल्द ही प्रतिद्वंद्वी प्लेटफॉर्म स्विगी से भी इसी मुद्दे पर मुलाकात करेगा और उम्मीद की जा रही है कि वह भी ऐसा ही कदम उठा सकता है। यह निर्णय जोमैटो और स्विगी के खिलाफ NRAI द्वारा सीसीआई में की गई शिकायत के बाद आया है, जिसमें डेटा मास्किंग और पारदर्शिता की कमी को प्रमुख मुद्दा बताया गया था। जोमैटो ने अभी तक इस घटनाक्रम से संबंधित प्रश्नों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

शेयर का हाल

इटरनल के शेयर की बात करें तो गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ 307 रुपये पर बंद हुआ। अक्टूबर में इटरनल के शेयर की कीमत 368.40 रुपये तक पहुंच गई। अप्रैल 2025 में शेयर 189.60 रुपये पर था। यह दोनों भाव शेयर के 52 हफ्ते का हाई और लो है।

डार्क पैटर्न से मुक्त होने की घोषणा

इस बीच, देश की 26 प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों ने उनके मंचों के ‘डार्क पैटर्न’ से मुक्त होने की घोषणा की है। इन 26 ई-कॉमर्स मंचों में जेप्टो, जोमैटो, स्विगी, जियोमार्ट और बिगबास्केट शामिल हैं। डार्क पैटर्न अनुचित व्यापार व्यवहार की श्रेणी में आते हैं। सरकार, उपभोक्ताओं को गुमराह करने या उनके साथ छल करने वाली इन प्रथाओं पर अंकुश लगाने के प्रयास कर रही है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar
दीपक कुमार, हिन्दुस्तान डिजिटल में बिजनेस की खबरें लिखते हैं। वह स्टॉक मार्केट, यूटिलिटी समेत बिजनेस सेक्शन से जुड़ी हर खबरों की ना सिर्फ समझ रखते हैं, बल्कि आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं। दीपक की बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी जबरदस्त पकड़ है। उन्हें बेहतरीन काम की सराहना मिलती रही है और सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से सीवान (बिहार) के रहने वाले दीपक के पास करीब 11 साल का अनुभव है। करियर की बात करें तो अमर उजाला से शुरू हुआ सफर दैनिक भास्कर,आजतक, इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप होते हुए हिन्दुस्तान डिजिटल तक पहुंच चुका है। फिलहाल, वह हिन्दुस्तान डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर कार्यरत हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए हिमाचल यूनिवर्सिटी चले गए। दीपक सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं। उन्हें नई-नई तकनीक से रूबरू होना अच्छा लगता है। खाली वक्त में फिल्में देखना या क्रिकेट खेलना पसंद करते हैं। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।