नई-नवेली कंपनी के शेयरों ने बनाया नया रिकॉर्ड, 6 दिन में 300% से ज्यादा की तूफानी तेजी
मुख्य बातें
- ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर शुक्रवार को NSE में 10% चढ़कर 1740.40 रुपये पर पहुंच गए हैं
- IPO में कंपनी के शेयर का दाम 429 रुपये था
- आईपीओ प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 6 दिन में 300% से ज्यादा उछल गए हैं

ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन हाल के समय में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला IPO बन गया है। कंपनी के शेयर इन दिनों बाजार में धमाल मचाए हुए हैं। बाजार में लिस्टिंग के बाद से 6 दिन के भीतर ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर 300 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर शुक्रवार को NSE में 10 पर्सेंट की तूफानी तेजी के साथ 1740.40 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 720 करोड़ रुपये तक का था।
429 रुपये से 1700 रुपये के पार कंपनी के शेयर
IPO में ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर का दाम 429 रुपये था। कंपनी के शेयर शुक्रवार 4 सितंबर को बाजार में लिस्ट हुए हैं। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर 6 दिन में अपने आईपीओ प्राइस के मुकाबले 300 पर्सेंट से ज्यादा चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयर शुक्रवार 11 सितंबर को NSE में 1740.40 रुपये पर पहुंच गए हैं। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर BSE में 1716.35 रुपये पर जा पहुंचे हैं।
जबरदस्त फायदे के साथ हुई कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) के शेयर 4 सितंबर को BSE में 746.30 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयर उछलकर 895.55 रुपये पर बंद हुए। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 757 रुपये पर लिस्ट हुए और कारोबार के आखिर में 908.40 रुपये पर बंद हुए।
142.88 गुना सब्सक्राइब हुआ कंपनी का आईपीओ
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) के आईपीओ पर टोटल 142.88 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या रिटेल इनवेस्टर्स की कैटेगरी में 41.68 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन रिटेल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 202.87 गुना सब्सक्राइब हुआ। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 274.97 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 34 शेयर थे। यानी, रिटेल इनवेस्टर्स को एक लॉट के लिए 14,586 रुपये का निवेश करना पड़ा है।
क्या करती है ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन?
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) की शुरुआत अगस्त 2005 में हुई है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन लिमिटेड क्लाउड, मैनेज्ड सर्विसेज, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस में AI एनेबल्ड प्रोवाइडर है। फाइनेंशियल ईयर 2026 में कंपनी ने 2501 कस्टमर्स को अपनी सर्विसेज उपलब्ध कराई हैं और इसका रेवेन्यू 4772.10 मिलियन रुपये रहा है। 30 जून 2026 तक के डेटा के मुताबिक, 993 एंप्लॉयीज कंपनी के ऑपरेशंस को सपोर्ट करते हैं, जो कि डेटा सेंटर ऑपरेशंस, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, सिक्योरिटी मैनेजमेंट, आरएंडडी, सेल्स, सर्विस डिलीवरी और दूसरे फंक्शंस के काम देखते हैं।


