EPFO ने शुरू किया PF खाते में 8.25% ब्याज जमा करना, ऐसे चेक करें अकाउंट में पैसा आया या नहीं?
मुख्य बातें
- EPFO: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए 8.25 फीसदी ब्याज प्रॉविडेंट फंड (PF) खातों में जमा करने का प्रोसेस शुरू कर दिया है
- पीएफ ब्याज का पैसा मेंबर्स के खातों में फेज वाइज ट्रांसफर किया जाएगा

EPFO: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए 8.25 फीसदी ब्याज प्रॉविडेंट फंड (PF) खातों में जमा करने का प्रोसेस शुरू कर दिया है। पीएफ ब्याज का पैसा मेंबर्स के खातों में फेज वाइज ट्रांसफर किया जाएगा। ज्यादातर मेंबर्स के खातों में इंटरेस्ट आ चुका है। जबकि, अभी कई खातों में ब्याज ट्रांसफर होना रहता है। श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया के अनुसार 15 जुलाई तक करीब 34 करोड़ ईपीएफओ सदस्यों के खातों में लगभग 1.44 लाख करोड़ रुपये का ब्याज जमा होना है। अगर आपके खाते में अभी तक ब्याज नहीं दिख रहा है तो घबराने की जरूरत नहीं है। यहां जानिये आप कैसे चेक कर सकते हैं अपना बैलेंस।
पासबुक में नजर आएगी इंटरेस्ट की एंट्री
EPFO के मुताबिक जिन सदस्यों के खातों में ब्याज जमा होगा, उनकी पासबुक में अलग से ब्याज की एंट्री दिखाई देगी। अगर आज अपडेट नहीं दिखता है, तो कुछ दिनों बाद दोबारा पासबुक चेक करें। ब्याज सभी योग्य मेंबर्स के खातों में अपने आप जुड़ जाएगा।
ऐसे चेक करें PF खाते में ब्याज आया या नहीं?
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके PF खाते में ब्याज जमा हुआ है या नहीं, तो सबसे पहले ईपीएफओ के मेंबर पासबुक पोर्टल पर जाएं। वहां अपना UAN, पासवर्ड और कैप्चा भरकर लॉगिन करें। इसके बाद अपना पीएफ अकाउंट चुनें और पासबुक खोलें। अगर ब्याज जमा हो चुका होगा तो उसकी अलग एंट्री दिखाई देगी। इसके अलावा उमंग ऐप के जरिए भी पीएफ की जानकारी ले सकते हैं।
कितना मिलेगा ब्याज?
ईपीएफओ ने इस साल भी ब्याज दर 8.25 फीसदी ही रखी है। लेकिन हर सदस्य को मिलने वाला ब्याज अलग-अलग हो सकता है। मेंबर्स को ब्याज पूरे साल के दौरान खाते में मौजूद मंथली बैलेंस के आधार पर दिया जाता है। इसमें कर्मचारी और नियोक्ता दोनों की ओर से हर महीने जमा होने वाले योगदान को शामिल किया जाता है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी सदस्य के पीएफ खाते में पूरे साल 5 लाख रुपये का बैलेंस रहा है, तो उसे लगभग 41,250 रुपये ब्याज मिल सकता है। लेकिन अगर मेंबर ने बीच में पैसा निकाल होगा, तो आखिर में इंटरेस्ट कम आएगा।
ब्याज नहीं दिख रहा है तो क्या करें?
अगर 15 जुलाई तक भी आपके पासबुक में ब्याज नहीं दिख रहा है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। ईपीएफओ सभी खातों में एक साथ ब्याज जमा नहीं करता, बल्कि यह काम अलग-अलग चरणों में पूरा होना है। इसलिए कुछ सदस्यों के खातों में ब्याज आने में कुछ दिन लग सकते हैं। ऐसे में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की जरूरत नहीं है। कुछ दिनों बाद आप फिर से पासबुक चेक करें।
डिजिटल सिस्टम से होगी तेजी
इस बार ब्याज जमा करने की प्रक्रिया ईपीएफओ के नए सेंट्रलाइज्ड आईटी इनेबल सर्विसेज (CITES) सिस्टम के तहत हो रही है। इस नए सिस्टम में पूरे देश के सदस्यों का डेटा एक ही राष्ट्रीय डेटाबेस में रखा गया है। पहले अलग-अलग लोकल ऑफिसों के पास अलग डेटाबेस होता था, जिससे कई सर्विस मेंबर्स को मिलने में समय लगता था। सरकार का कहना है कि नए सिस्टम से PF क्लेम, पीएफ अकाउंट ट्रांसफर और ब्याज जमा करने जैसे काम आसान और जल्दी होंगे।


